सार

Pahalgam terrorist attack: पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने सभी पाकिस्तानी वीजा रद्द कर दिए हैं। प्रयागराज से पाकिस्तानी महिलाओं को वापस भेजा जा रहा है, और अन्य राज्यों में भी कार्रवाई जारी है।

Pakistani visa cancellation: भारत-पाकिस्तान संबंधों में एक बार फिर से बड़ा मोड़ आया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर कड़ा रुख अपना लिया है। इसके तहत सभी पाकिस्तानी वीजा रद्द कर दिए गए हैं और राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक तय समय से ज्यादा भारत में न रुके। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार भी तुरंत एक्शन में आ गई है।

प्रयागराज से लौटाई गईं पाकिस्तानी महिलाएं

प्रयागराज जिले से शुक्रवार को एक पाकिस्तानी महिला को वापस भेजा गया है, जबकि तीन अन्य महिलाएं शनिवार को लौटेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रयागराज के पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया,“पाकिस्तान की एक महिला शुक्रवार को यहां से जा चुकी है, जबकि तीन अन्य पाकिस्तानी महिलाओं से हमने बात कर ली है और वे आज यहां से निकल जाएंगी।”

उन्होंने बताया कि ये सभी महिलाएं अल्पकालिक वीजा पर भारत आई थीं और इनमें से एक महिला इलाज के लिए प्रयागराज आई थी। सुरक्षा एजेंसियां लगातार इनकी निगरानी कर रही थीं।

पूरे जिले में सिर्फ 4 पाकिस्तानी नागरिक

तरुण गाबा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रयागराज जिले में कुल चार ही पाकिस्तानी नागरिक थे और अब सभी की भारत से वापसी सुनिश्चित की जा रही है। “हम स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) के संपर्क में हैं और स्थिति पर पूरी तरह से नजर रखे हुए हैं,” उन्होंने कहा।

अमित शाह ने खुद किया सभी मुख्यमंत्रियों को कॉल

इस पूरे मामले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन कर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को तय समय सीमा के भीतर भारत छोड़ने को कहा जाए।

भारत सरकार ने गुरुवार को बड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान के नागरिकों को जारी सभी वीजा 27 अप्रैल 2025 से रद्द कर दिए हैं। इसके साथ ही, भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। वहीं पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी जल्द घर लौटने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: UP: बेटी की शादी का खर्च उठाएगी योगी सरकार, ऐसे पाएं ₹1 लाख