Yamuna Expressway industrial development: आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे एक नया स्मार्ट शहर बसाया जाएगा। 14.6 लाख लोगों के लिए आवास और 8.5 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए विशेष ध्यान रखा जाएगा।
Agra smart city development: आगरा जहां अब तक सिर्फ ताजमहल के लिए प्रसिद्ध थी, अब वहां एक नया अध्याय लिखा जाने वाला है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) न्यू आगरा अर्बन सेंटर को एक आधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल और औद्योगिक दृष्टि से समृद्ध स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की तैयारी में है।
इस प्रोजेक्ट के ज़ोनल प्लान की तैयारी पूरी हो चुकी है और अब जून में आगरा विकास प्राधिकरण, उद्योगपतियों और विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ एक विशेष बैठक की जाएगी, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री और योजना से जुड़े अहम सुझाव लिए जाएंगे।
ताजमहल की सुंदरता को बचाने के लिए खास कदम
योजना के अनुसार, नया शहर यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बसाया जाएगा। लेकिन ताजमहल की सुंदरता और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ताज ट्रैपेजियम ज़ोन (TTZ) को पूरी तरह प्रदूषणमुक्त रखा जाएगा। यहां किसी भी प्रकार की ऐसी औद्योगिक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी जिससे ताज की भव्यता पर असर पड़े।
ज़ोनल प्लान में क्षेत्र की जनसंख्या घनत्व, सड़क नेटवर्क, ट्रांसपोर्ट सुविधाएं, जल स्रोतों जैसे यमुना नदी का उपयोग, पर्यावरणीय प्रभाव, व्यापारिक संभावनाएं आदि पर विस्तार से विश्लेषण किया गया है। यह योजना सिर्फ आधुनिकता नहीं बल्कि संतुलित विकास को प्राथमिकता दे रही है।
विकास के पहले चरण में औद्योगिक ज़ोन को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बन सकें। इससे न केवल युवाओं को फायदा होगा, बल्कि निवेश भी बढ़ेगा।
14.6 लाख लोगों को मिलेगा आशियाना
न्यू आगरा अर्बन सेंटर में 14.6 लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही 8.5 लाख लोगों के लिए रोजगार सृजन की योजना है, जिससे शहर आत्मनिर्भर बन सकेगा।
शहर का पहला विस्तार 36 गांवों में किया जाएगा। इसके बाद 58 और गांवों को मिलाकर लगभग 9500 हेक्टेयर भूमि पर विकास किया जाएगा। यहां आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक, हरित क्षेत्र और अत्याधुनिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की भी व्यवस्था होगी।
न्यू आगरा: हरियाली और हाईटेक सुविधाओं का अनोखा मेल
यह शहर हरित क्षेत्र, ईको-फ्रेंडली इंडस्ट्रीज़ और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का बेहतरीन मिश्रण होगा। ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर जल आपूर्ति और सार्वजनिक परिवहन तक हर चीज स्मार्ट और टिकाऊ होगी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यह प्रोजेक्ट न केवल आगरा को स्मार्ट सिटी की श्रेणी में लाएगा, बल्कि उत्तर भारत के औद्योगिक नक्शे में भी प्रमुख स्थान दिलाएगा।
यह भी पढ़े: पंडित से मौलवी तक सब मिले हुए थे, लुटेरी दुल्हन ने रचाई 15 शादियां, अब खुला राज