Meerut gang rape case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। असम की रहने वाली एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता को मुजफ्फरनगर से अगवा कर सरधना के एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया, जहां तीन लोगों ने उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। महिला की सतर्कता और पुलिस की तत्परता के चलते 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
महिला को ऐसे बनाया गया शिकार
असम की रहने वाली पीड़िता वर्ष 2021 से अपने पति के साथ मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर इलाके में रह रही थी। कुछ समय पहले उसका तलाक हो गया, जिसके बाद वह एक फैक्ट्री में नौकरी करने लगी। वहीं उसकी दोस्ती सोनी नामक महिला से हुई, जो उसी फैक्ट्री में काम करती थी। सोनी का पति समीर, सरधना के ईंट भट्ठे पर काम करने वाले वसीम का दोस्त था।
यह भी पढ़ें: महाकुंभ 2025 खत्म लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, संगम घाट पर उमड़ी भीड़!
गुरुवार की शाम वसीम फैक्ट्री कर्मचारी दीपक की कार लेकर महिला को मंसूरपुर से अपने साथ ले गया। उसने हाईवे पर घूमाने के बहाने उसे अपने साथ रखा, लेकिन जब महिला ने घर जाने की बात कही, तो वसीम ने तमंचे के बल पर उसे धमकाया और जबरन सरधना के एक ईंट भट्ठे पर ले गया। वहां पहले से मौजूद दीपक और अमजद ने वसीम के साथ मिलकर शराब के नशे में महिला से दुष्कर्म किया।
पीड़िता की सूझबूझ से पकड़े गए आरोपी
शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे, जब आरोपी नशे में धुत थे, तब पीड़िता ने अपने मकान मालिक को फोन कर पूरी घटना बताई और अपनी लोकेशन व्हाट्सएप पर भेज दी। मकान मालिक ने फौरन 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने सरधना पुलिस को अलर्ट कर दिया और पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुबह 5 बजे ईंट भट्ठे पर छापा मारा। तीनों आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए। पुलिस ने जांच में पाया कि इस अपराध में सोनी और उसके पति समीर की भी संलिप्तता थी, जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मेरठ पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सभी पांचों आरोपियों – वसीम, दीपक, अमजद, सोनी और समीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और साजिश रचने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, सोनी ने ही साजिश के तहत पीड़िता को जाल में फंसाया था।
यह भी पढ़ें: फोन कर के मंगाइए सबसे सस्ता राशन! सरकार की अनोखी सेवा से गदगद लोग!