lucknow cbi office security breach: लखनऊ के CBI दफ्तर में एक अज्ञात व्यक्ति ने ASI पर धनुष-बाण से हमला कर दिया। बिहार के रहने वाले हमलावर ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए ASI के सीने में तीर मार दिया। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई।

arrow attack cbi office lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे संवेदनशील इलाके हजरतगंज स्थित सीबीआई कार्यालय में शुक्रवार को ऐसी घटना घटी जिसने सभी को हैरान कर दिया। हाई सिक्योरिटी दफ्तर के गेट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने एएसआई वीरेंद्र सिंह को तीर मारकर घायल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुकी है।

घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति बिहार के मुंगेर का रहने वाला दिनेश मुर्मू है, जो धनुष-बाण लेकर सीधे सीबीआई ऑफिस पहुंचा और गेट पर तैनात एएसआई के सीने में तीर घोंप दिया। यह हमला कोई सामान्य झगड़ा नहीं बल्कि एक पूर्व नियोजित और असाधारण हरकत थी, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में दिखा पूरी वारदात का खौफनाक मंजर

रविवार को सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि दिनेश मुर्मू ने पहले गेट पर एएसआई को निशाना बनाया और जैसे ही वे अंदर भागे, वह भी उनके पीछे घुस आया और दोबारा तीर चलाया। इस दौरान पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

Scroll to load tweet…

एक जवान ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को लाठी से वार कर काबू में लिया, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।

झोले से निकाला तीर-धनुष, पूछने पर भड़क गया आरोपी

डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी झोला लेकर ऑफिस आया था और गेट के किनारे बैठ गया। एएसआई वीरेंद्र सिंह ने जब उससे सवाल किया तो वह बिना कुछ बोले चलने लगा। कुछ कदम चलने के बाद उसने झोले से तीर-धनुष निकाला और हमला कर दिया।

प्रारंभिक जांच में उसकी मानसिक स्थिति असामान्य लग रही है। दिनेश पहले रेलवे में गैंगमैन था और उसने कई साल पहले एक रेलवे निरीक्षक के खिलाफ सीबीआई में रिश्वतखोरी की शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसमें दोषी को सजा मिली थी।

पहले भी पहुंचा था सीबीआई दफ्तर, फिर आया हथियार लेकर

जानकारी के अनुसार, डेढ़ महीने पहले भी दिनेश सीबीआई दफ्तर आया था, लेकिन तब उसे वापस भेज दिया गया था। इस बार वह अपने साथ घर में खुद से बनाए तीर और धनुष लेकर लौटा। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रेन से बिहार से लखनऊ आया था और हमले की पूरी योजना पहले से बनाई थी।

पुलिस को मिले तीर की लंबाई करीब 2 फीट और फल की लंबाई 3 से 4 इंच बताई गई है। आरोपी ने एएसआई पर लगभग 4 फीट की दूरी से तीर छोड़ा, जिससे एएसआई को छाती में 5 सेमी गहरा घाव हुआ।

एएसआई की हालत स्थिर, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि एएसआई वीरेंद्र सिंह के सीने में घाव गहरा नहीं था और बाण शरीर के अंदर नहीं घुसा। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार है और डॉक्टर्स की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

यह भी पढ़ें: सिर्फ 200 रुपये के लिए सड़क पर घसीटी गई लड़की, लोग देखते रहे तमाशा!