UP IAS transfer: यूपी की अफसरशाही एक बार फिर तबादलों की गूंज से हिल गई है। मंगलवार देर रात चली "तबादला एक्सप्रेस" ने कई जिलों के कप्तानों की सीट हिला दी। 14 आईएएस और 6 पीसीएस अफसरों के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं। इस फेरबदल ने न सिर्फ जिलाधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी, बल्कि कई अधिकारियों को राजधानी और निगमों में भेजा गया है।

4 जिलों के डीएम बदले, अयोध्या को मिला नया चेहरा

तबादले की लिस्ट में पीलीभीत, बलिया, हरदोई और महाराजगंज के जिलाधिकारी बदले गए हैं। सिद्धार्थनगर और बुलंदशहर के मुख्य विकास अधिकारियों का भी ट्रांसफर किया गया है। अयोध्या की जिम्मेदारी अब नए हाथों में सौंपी गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि शासन यहां तेज़ी से काम करवाना चाहता है।

दीपक कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी, बलिया लौटे मंगला प्रसाद सिंह

आईएएस दीपक कुमार को अब कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी मिल गया है। यह जिम्मेदारी पहले मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के पास थी।

हरदोई के डीएम मंगला प्रसाद सिंह अब बलिया के डीएम बनाए गए हैं। वे पूर्व में गाज़ीपुर के डीएम और वाराणसी में भी अहम पदों पर रह चुके हैं।

बलिया, हरदोई, महाराजगंज में नया नेतृत्व

  • बलिया के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार को अब नगरीय निगम में संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
  • अनुनय झा, जो अभी तक महाराजगंज के डीएम थे, अब हरदोई के डीएम होंगे।
  • संतोष कुमार शर्मा को महाराजगंज की कमान दी गई है। वे फिलहाल अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के सीईओ और नगर आयुक्त भी हैं।

अयोध्या को मिला नया तीर्थ प्रमुख और नगर आयुक्त

  1. सिद्धार्थनगर के सीडीओ जयेंद्र कुमार को अयोध्या तीर्थ विकास परिषद का सीईओ और नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
  2. वहीं, गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाथ जोशी को सिद्धार्थनगर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

पीलीभीत, अलीगढ़, बुलंदशहर में भी हुआ बदलाव

  • ज्ञानेंद्र सिंह अब पीलीभीत के जिलाधिकारी होंगे, जबकि संजय कुमार सिंह को विशेष सचिव संस्कृति विभाग बनाया गया है।
  • अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष अपूर्वा दुबे अब सूडा की निदेशक होंगी। उनकी जगह कुलदीप मीणा अलीगढ़ विकास प्राधिकरण संभालेंगे।
  • बुलंदशहर के नए सीडीओ होंगी मथुरा की संयुक्त मजिस्ट्रेट निशा।

PCS अफसरों की नई पोस्टिंग: बरेली, गाजियाबाद और हाथरस को मिले नए ADM

  • अलंकार अग्निहोत्री, जो लखनऊ नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त थे, अब बरेली के नगर मजिस्ट्रेट होंगे।
  • उत्कर्ष श्रीवास्तव को नगर मजिस्ट्रेट गोरखपुर बनाया गया है।
  • प्रकाश चंद्र, शिव नारायण, और विनीत कुमार सिंह को हाथरस और बागपत के ADM पदों पर नई तैनाती मिली है।
  • हिमांशु वर्मा और विनीत कुमार सिंह को गोरखपुर व गाजियाबाद में ADM के पद मिले हैं।

यह भी पढ़ें: रामपुर के युवाओं को बना डाला आतंकवादी, मुरादाबाद से गिरफ्तार हुआ खतरनाक मास्टरमाइंड