दीपोत्सव 2025 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में संकट मोचन हनुमानगढ़ी और श्रीरामलला के दरबार में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अयोध्या, 20 अक्टूबर। भव्य दीपोत्सव 2025 के सफल आयोजन और नया विश्व कीर्तिमान बनने के बाद सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। संतों और पुजारियों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी के गद्दीनशीन महंत प्रेमदास से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।

श्रीरामलला के दरबार में CM योगी ने लगाई हाजिरी

हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने भगवान श्रीरामलला के दरबार में हाजिरी लगाई, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम दरबार में पूजा के बाद श्रद्धालुओं का किया अभिवादन

श्रीरामलला के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने राम दरबार में भी आरती की और प्रदेश की उन्नति तथा जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। जब वे मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया।

CM योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं

अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम सभी को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि दीपोत्सव की यह रोशनी प्रदेश के हर घर में खुशहाली और आनंद लेकर आए।

यह भी पढ़ें

10 तस्वीरों में आप देखिए अयोध्या का दीपोत्सव, वर्ल्ड ने पहली बार देखी ऐसी झलक

अयोध्या मे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुछ यूं मनाया दीपोत्सव, देखिए तस्वीरें