बरेली हिंसा के बाद प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, मौलाना तौकीर रजा के करीबी पार्षद ओमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन को ध्वस्त किया गया। मौके पर भारी पुलिस बल, आरआरएफ और ड्रोन निगरानी तैनात रही। अब तक 62 आरोपी गिरफ्तार, बेनामी संपत्तियों पर भी कार्रवाई।
यूपी के बरेली में हाल ही में हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और इसी बीच नगर निगम ने मौलाना तौकीर रजा के करीबी पर बुलडोजर कार्रवाई की है।
अवैध चार्जिंग स्टेशन पर चला बुलडोजर, तौकीर रजा और करीबियों पर लगातार शिकंजा
हिंसा के आरोपियों पर प्रशासन की सख्ती जारी है। नगर निगम का बुलडोजर पार्षद ओमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन पर चला। बताया जा रहा है कि यह चार्जिंग स्टेशन नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर बनाया गया था, जहां कई ई-रिक्शा खड़े रहते थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल, आरआरएफ की टीम, दमकल की गाड़ियां और ड्रोन निगरानी मौजूद रही।
प्रशासन ने हाल ही में मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबी नदीम खान की गिरफ्तारी की है। इसके अलावा ‘हमसफर पैलेस’ रिजॉर्ट को भी सील कर दिया गया है, जिसे बेनामी संपत्ति बताया जा रहा है। बीते दिन तौकीर रजा की मार्केट पर भी कार्रवाई हुई थी।
यह भी पढ़ें: झांसी का युवक ऐसा स्टंट करके वायरल, देख कर आप भी रह जाएंगे दंग!
मोहसिन रजा के आवास पर भी पहुंचा प्रशासन, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 62 गिरफ्तार
इससे पहले तौकीर रजा के एक और करीबी मोहसिन रजा के आवास पर बुलडोजर कार्रवाई की कोशिश हुई, लेकिन कोर्ट के स्टे ऑर्डर के चलते टीम को रुकना पड़ा। हालांकि, मोहसिन के घर के सामने बने नाले पर अवैध चार्जिंग स्टेशन को तोड़ दिया गया।
बरेली हिंसा की जांच में अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें हिंसा के मास्टरमाइंड बताए जा रहे मौलाना तौकीर रजा, डॉ. नफीस और नदीम भी शामिल हैं। पुलिस ने अब उनके करीबियों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त करना शुरू कर दिया है और प्रशासन तौकीर की बेनामी संपत्तियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: यूपी के 50 जिलों में मौसम का अचानक पलटाव, क्या भीगते हुए देखना पड़ेगा दशहरे का मेला?
