सार

Ram Navami Mela Ayodhya: अयोध्या में रामनवमी की तैयारी ज़ोरों पर! गर्मी से राहत के लिए छायादार शिविर, पेयजल और सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जानिए, इस बार क्या है खास!

Ayodhya Ram Navami preparation: इस बार अयोध्या में रामनवमी पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। रामपथ और धर्मपथ पर छायादार अस्थायी शिविर बनाए जा रहे हैं, वहीं 243 स्थानों पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

प्रकाश व्यवस्था और भव्य सजावट का ट्रायल

राम जन्मभूमि परिसर में भव्य सजावट की जा रही है। शुक्रवार रात को राम मंदिर में विशेष प्रकाश व्यवस्था का ट्रायल किया गया, जिसमें मंदिर के अलग-अलग हिस्सों को रंगीन रोशनी से सजाया गया। यह ट्रायल करीब एक घंटे तक चला और इससे मंदिर की भव्यता में चार चांद लग गए। रामनवमी तक हर दिन शाम 7 से रात 10 बजे तक यह विशेष प्रकाश व्यवस्था जारी रहेगी।

होटल और धर्मशालाओं में कमरे फुल, श्रद्धालु होम स्टे की कर रहे तलाश

रामनवमी मेले में इस बार रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी कारण अयोध्या के होटलों और धर्मशालाओं के 90% कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं। होटलों में एक-एक कमरे के लिए जबरदस्त मारामारी मची है। श्रद्धालु अब होम स्टे और मठ-मंदिरों में रहने की कोशिश कर रहे हैं। धर्मशाला संचालक और होटल व्यवसायियों के मुताबिक, 10 अप्रैल तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं।

तीन चरणों में सफाई अभियान, 395 डस्टबिन लगेंगे

रामनवमी मेले को देखते हुए सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम ने तीन चरणों में सफाई अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत:

  • प्रथम चरण में 1204 सफाई कर्मी,
  • द्वितीय चरण में 398 कर्मी, और
  • तृतीय चरण में 136 कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त, 73 सुपरवाइजर सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे और 395 डस्टबिन भी पूरे मेला क्षेत्र में लगाए जाएंगे।

991 टॉयलेट्स सीट्स की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 991 टॉयलेट्स की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी टॉयलेट्स के पास हैंडवॉश और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए अन्य जन सुविधाएं

  1. रामपथ और धर्मपथ पर छायादार अस्थायी शिविर बनाए गए हैं।
  2. चिन्हित स्थलों पर छायादार शेड लगाए जा रहे हैं।
  3. शिविरों में पेयजल, शौचालय और स्प्रिंकलर फैन की सुविधा दी जा रही है।
  4. अयोध्या धाम क्षेत्र में ग्लूकोन डी का वितरण किया जाएगा।
  5. सभी हेल्थ एटीएम में ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
  6. विभिन्न स्थलों पर पादुका सेवा कैंप लगाए जाएंगे।
  7. श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए हैंड-हेल्ड स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव किया जाएगा।

अतिक्रमण हटाने के लिए प्रवर्तन दल सक्रिय

रामनवमी मेले के दौरान मेला क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए प्रवर्तन दल को सक्रिय किया गया है। पुलिस बल के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा, पॉलीथिन पर प्रतिबंध और जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। नगर निगम ने तीन टीमें गठित की हैं जो निराश्रित गोवंशों की रोकथाम सुनिश्चित करेंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कड़ी निगरानी

रामनवमी मेले की तैयारियों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या न केवल धार्मिक बल्कि सुव्यवस्थित और सुरक्षित तीर्थस्थल के रूप में उभर रहा है। इस बार अयोध्या में रामनवमी का उत्सव ऐतिहासिक होने वाला है। लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए आ रहे हैं और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। गर्मी को देखते हुए किए गए विशेष इंतजाम श्रद्धालुओं के लिए इस अनुभव को और सुखद बना देंगे।

यह भी पढ़ें: Ayodhya में रामनवमी मेले की धूम! 50 लाख श्रद्धालुओं की भीड़, होटल फुल, कहां ठहरेंगे भक्त?