सार

holi celebration 2025 : ट्रैवल ट्राइंगल ने 2025 की होली के लिए भारत के टॉप 10 शहरों की लिस्ट जारी की है, जिसमें उदयपुर और जयपुर भी शामिल हैं। शाही अंदाज़ वाली होली के लिए राजस्थान तैयार है!

जयपुर. होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का सबसे रंगीन और हर्षोल्लास से भरा उत्सव है। यह त्योहार न केवल भारतीयों के लिए बल्कि विदेशी पर्यटकों के लिए भी बेहद खास होता है। हाल ही में मशहूर ट्रैवल पोर्टल “ट्रैवल ट्राइंगल” (Travel Triangle) ने 2025 के होली सेलिब्रेशन (holi celebration 2025) के लिए भारत के 10 बेहतरीन शहरों की सूची जारी की है, जिसमें राजस्थान के दो प्रमुख शहर उदयपुर और जयपुर को भी स्थान मिला है।

उदयपुर में शाही अंदाज में होली उत्सव

राजस्थान का झीलों का शहर उदयपुर अपनी शाही परंपराओं और भव्य होली उत्सव के लिए प्रसिद्ध है। सिटी पैलेस में आयोजित "होलिका दहन" समारोह को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक यहां आते हैं। इस आयोजन में उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य भी पारंपरिक परिधानों में शामिल होते हैं, जिससे यह समारोह और अधिक भव्य और आकर्षक बन जाता है।

होली के प्रमुख स्थान:

जगदीश चौक, भट्टियानी चौहट्टा, गणगौर घाट और घंटाघर में हजारों लोग रंगों के उत्सव में शरीक होते हैं।

  • गणगौर घाट और जगदीश चौक पर डीजे और लाइव म्यूजिक का आयोजन किया जाता है, जहां विदेशी पर्यटक भी स्थानीय लोगों के साथ झूमते-गाते नजर आते हैं।
  • शहर के बड़े होटल और रिसॉर्ट विशेष होली पैकेज तैयार करते हैं, जिसमें पारंपरिक होली खेल, लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होते हैं।

जयपुर की रंगीन होली

राजस्थान की राजधानी जयपुर भी अपनी शाही और भव्य होली के लिए प्रसिद्ध है। यहां की होली में गुलाबी नगरी के ऐतिहासिक किले, महल और मंदिरों का अनोखा संगम देखने को मिलता है। जयपुर में गोविंद देव जी मंदिर, आमेर किला और जलमहल जैसी जगहों पर होली का खास आयोजन होता है।

भारत के टॉप 10 शहरों की लिस्ट, जहां होली 2025 होगी सबसे खास

1. बांके बिहारी मंदिर, वृंदावन (उत्तर प्रदेश)

2. बरसाना (उत्तर प्रदेश)

3. शांति निकेतन (पश्चिम बंगाल)

4. दिल्ली

5. मणिपुर

6. पंजाब

7. हंपी (कर्नाटक)

8. पुरुलिया (पश्चिम बंगाल)

9. उदयपुर (राजस्थान)

10. जयपुर (राजस्थान)

होली के बाद गणगौर और मेवाड़ उत्सव की धूम

  • राजस्थान में होली के बाद भी त्योहारों का सिलसिला थमता नहीं है। गणगौर और मेवाड़ उत्सव इस रंगीन माहौल को और अधिक खास बना देते हैं। इन त्योहारों में उदयपुर और जयपुर के प्रमुख इलाकों में पारंपरिक नृत्य, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
  • ट्रैवल पोर्टल की इस रैंकिंग से साफ है कि राजस्थान की होली न केवल प्रदेश में बल्कि पूरे देश में अपनी खास पहचान बना रही है। इससे राजस्थान के पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में और अधिक इजाफा होने की संभावना है।

तो इस होली 2025 में कहां बनाएंगे रंगीन यादें?

अगर आप भी इस बार होली को एक यादगार अनुभव बनाना चाहते हैं, तो उदयपुर और जयपुर आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होने चाहिए!

यह भी पढ़ें-इस चाय में ऐसा क्या स्पेशल, एक कार की कीमत में आती है एक किलो, विदेशों तक डिमांड