सार

ahilyabai holkar jayanti 2025 : राजस्थान सरकार अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर महिलाओं को 8 बड़ी सौगातें देगी। लाड़ो योजना से लेकर स्कूटी योजना तक, लाखों महिलाओं को मिलेगा फायदा।

ahilyabai holkar jayanti 2025 : महिला सशक्तिकरण के लिए राजस्थान सरकार ने एक नई मिसाल पेश करने की तैयारी कर ली है। 31 मई को समाज सुधारिका अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयपुर स्थित आरआईसी ऑडिटोरियम में मुख्य आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई गणमान्य नेता मौजूद रहेंगे।

राजस्थान सरकार मनाएगी ‘सशक्तिकरण पर्व’

सरकार इस दिन को महिलाओं के लिए ‘सशक्तिकरण पर्व’ के रूप में मनाएगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा कि अहिल्याबाई का जीवन महिला उत्थान की प्रेरणा है और उनकी स्मृति में राज्य सरकार यह आयोजन कर रही है।

इन योजनाओं से मिलेगी नई उड़ान

 सरकार आठ बड़ी योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ देने जा रही है: लाड़ो प्रोत्साहन योजना में 32,755 बालिकाओं को आर्थिक सहायता। एसटी प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में 16,944 लाभार्थी छात्राएं। सफाई कामगार छात्रवृत्ति योजना में 152 बालिकाओं को छात्रवृत्ति। दूरस्थ शिक्षा योजना के तहत 30,000 छात्राओं को फीस वापसी। बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना में विशेष वित्तीय सहयोग। लखपति दीदी योजना से 1,800 महिलाओं को ऋण। गार्गी पुरस्कार के तहत 6,489 मेधावी बालिकाओं को सम्मान। कालीबाई भील स्कूटी योजना में 2,000 छात्राओं को स्कूटी।

राजस्थान सरकार की रामबाण योजनाएं

स्वास्थ्य और शिक्षा में भी नवाचार सरकार "गर्भ की पाठशाला" और "स्वस्थ नारी चेतना अभियान" जैसी पहल के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार लाएगी। गर्भावधि मधुमेह प्रबंधन कार्यक्रम का पहले चरण में 10 जिलों में क्रियान्वयन किया जाएगा। साथ ही, डिजिटल कॉफी टेबल बुक और 4 कस्तूरबा विद्यालयों का लोकार्पण भी होगा। राजस्थान सरकार का यह प्रयास महिला कल्याण के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।