vijay rupani air india plane crash : गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का लंदन जाने वाला विमान हादसे का शिकार हो गया। वे अपनी बेटी राधिका से मिलने जा रहे थे, जो लंदन में रहती हैं। इस हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

AhmedabadPlane Crash: राजनीति की दुनिया से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जिस विमान से लंदन जा रहे थे, वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे की खबर जैसे ही राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई।

पूर्व मुख्यमंत्री अपनी बेटी राधिका रूपाणी मिश्रा से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।

राधिका मिश्रा का मायका अहमदाबाद, ससुराल नवलगढ़ में पसरा मातम

राधिका रूपाणी की शादी नवलगढ़ के निवासी नीमित मिश्रा से हुई थी, जो लंदन में चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। नीमित का पुश्तैनी घर नवलगढ़ के मंडी गेट क्षेत्र में स्थित है। मिश्रा परिवार के करीबी महेश मिश्रा ने बताया कि नीमित के दादा बाबूलाल मिश्रा करीब 60 साल पहले अहमदाबाद में नौकरी करने गए थे और वहीँ बस गए थे।

यह भी पढ़ें: उदयपुर के 4 लोगों ने अहमदाबाद विमान हादसे में गंवाई अपनी जान, परिवार का हुआ रो-रोकर बुरा हाल

लंदन में भारतीय संस्कृति की प्रतिनिधि बनी राधिका, अब हादसे ने छीन ली खुशियां

राधिका खुद भी चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और लंदन में एक फूड और लाइफस्टाइल ब्रांड चला रही हैं, जो काफी लोकप्रिय है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय संस्कृति को गर्व से प्रस्तुत किया है। रूपाणी दंपती बेटी-दामाद से मिलने लंदन जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश यह सफर उनका आखिरी साबित हुआ।

10 जून को होनी थी यात्रा, पार्टी कार्यों ने बदली तारीख, किस्मत ने बदला सब कुछ

बताया जा रहा है कि विजय रूपाणी की यात्रा पहले 10 जून को तय थी, लेकिन पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों के चलते उन्हें इसे टालना पड़ा। उनकी पत्नी पहले ही लंदन में बेटी के पास थीं और अब वे दोनों मिलकर परिवार से मिलने जा रहे थे। लेकिन नियति ने उनकी मुलाकात को हादसे में बदल दिया।

अब तक 265 मौतों की पुष्टि, राजस्थान के 12 लोग भी शामिल

इस भयावह विमान दुर्घटना में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें राजस्थान के 12 लोग शामिल बताए जा रहे हैं। बांसवाड़ा के डॉक्टर दंपती और उनके तीन मासूम बच्चों की मौत पहले ही सामने आ चुकी है। अब नवलगढ़ की बहू राधिका मिश्रा के जीवन में यह हादसा एक ऐसा ज़ख्म बनकर रह गया है, जिसे भरने में समय भी शायद नाकाम हो।

यह भी पढ़ें: Ahmedabad Plane Crash: पति से मिलने लंदन जा रही दुल्हन भी खत्म, 5 महीने पहले हुई थी शादी