Ahmedabad Plane Crash latest news : अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे में राजस्थान के बालोतरा की नवविवाहिता खुशबू लापता है। वह अपने पति से मिलने लंदन जा रहीं थीं। बता दें कि 6 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।
Ahmedabad Plane Crash latest news : अहमदाबाद में गुरुवार को एयरपोर्ट के पास बड़ा विमान हादसा हो गया। एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर की फ्लाइट AI 171 टेक-ऑफ करते ही क्रैश हो गई। विमान में 242 पैसेंजर सवार थे। इस फ्लाइट में राजस्थान के बालोतरा जिले की नवविवाहिता खुशबू राजपुरोहित सवार थीं। खुशबू हाल ही में शादी के बंधन में बंधी थीं और पहली बार लंदन में अपने पति से मिलने जा रही थीं। उनका परिवार इस समय गहरे सदमे और चिंता में है। वह लापता हैं, उन्हें नहीं पता था कि एक हदासा उनके सारे सपने चकने चूर कर देगा।
6 महीने पहले हुई थी शादी…लंदन में रहता है पति
जानकारी के अनुसार, खुशबू बालोतरा के अराबा गांव की निवासी हैं और इसी साल जनवरी में उनकी शादी लंदन में रहने वाले आईटी इंजीनियर मनफूल सिंह से हुई थी। शादी के बाद यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा थी। गुरुवार सुबह उनके पिता मदन सिंह और चचेरे भाई उन्हें अहमदाबाद एयरपोर्ट तक छोड़ने गए थे। लेकिन विमान के उड़ान भरते ही हादसे की खबर सामने आने से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया।
अहमदाबाद हादसे से हर आंख में आंसू
विमान हादसे की खबर मिलते ही खुशबू के परिजन तुरंत अहमदाबाद रवाना हो गए। वे अस्पतालों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर उनकी स्थिति जानने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार की हर आंख इस वक्त बस एक ही उम्मीद लगाए बैठी है — खुशबू सकुशल हो।
बांसवाड़ा से एक परिवार के 5 लोग फ्लाइट में थे
इस हादसे में राजस्थान के अन्य जिलों से भी कई यात्रियों के शामिल होने की जानकारी मिली है। बांसवाड़ा से एक ही परिवार के पांच लोग फ्लाइट में थे, जबकि उदयपुर जिले से एक मार्बल व्यवसायी के दो बच्चे और गांव के दो युवक शामिल थे। बीकानेर के एक युवक के भी इस विमान में होने की पुष्टि हुई है। उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता ने जानकारी दी है कि शहर के व्यवसायी संजीव मोदी के बेटे शुभम और बेटी शगुन भी इस फ्लाइट में थे और वे लंदन घूमने जा रहे थे। हादसे की सूचना के बाद मोदी परिवार भी अहमदाबाद पहुंच चुका है।
अहमदाबाद में मचा है हड़कंप
विमान हादसे को लेकर अहमदाबाद प्रशासनिक स्तर पर राहत और जांच कार्य जारी है। DGCA ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन भी लगातार यात्रियों की स्थिति की जानकारी साझा कर रहा है।