लुधियाना पश्चिम सीट के उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा को जीत मिली है। यह सीट गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी।
Ludhiana By Election Results 2025: पंजाब के लुधियाना पश्चिम सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। यह सीट आम आदमी पार्टी के गुरप्रीत बस्सी गोगी की मौत के चलते खाली हुई है। यहां आप का कब्जा बरकरार रहा है। आप के संजीव अरोड़ा को 10637 वोटों के अंतर से जीत मिली है।
लुधियाना उपचुनाव रिजल्ट
- आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने 10637 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के भारत भूषण आशु रहे। उन्हें 24542 वोट मिले।
- भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता 20323 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे।
- सोमवार सुबह भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता ने लुधियाना में दुर्गा माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। कहा, "मैं अपने सभी काम भगवान के आशीर्वाद से शुरू करता हूं। आज मतगणना का दिन है। मैं भगवान शिव का भक्त हूं और उन्होंने हमेशा मुझे भरपूर आशीर्वाद दिया है, इसलिए मैंने यहां माथा टेका। मैंने उनसे पंजाब की उन्नति और राज्य के सुनहरे भविष्य के लिए प्रार्थना की। वे जो भी फैसला करेंगे, उसे स्वीकार करूंगा।"
- लुधियाना के एसपी डीके चौधरी ने कहा कि मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। मतगणना केंद्र और इसके आसपास सुरक्षा के लिए करीब 450 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। केवल अधिकृत व्यक्ति ही मतगणना केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।
- लुधियाना के खालसा कॉलेज फॉर विमेन में मतगणना केंद्र बनाया गया है। यहां वोटों की गिनती की जा रही है। कॉलेज के बाहर बेहद कड़ी सुरक्षा है।
लुधियाना पश्चिम सीट पर चुनावी मैदान में थे 14 उम्मीदवार
लुधियाना पश्चिम सीट पर 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे। इनके नाम संजीव अरोड़ा (AAP), जीवन गुप्ता (भाजपा), एडवोकेट परुपकर सिंह घुमन (SAD), भारत भूषण आशु (कांग्रेस), जतिंदर कुमार शर्मा (NLSP), नवनीत कुमार गोपी (SADA), अल्बर्ट दुआ अनु (IND), गुरदीप सिंह काहलों (IND), नीटू (IND), इंजीनियर परमजीत सिंह भारज (IND), पवनदीप सिंह (IND), एर बलदेव राज कटना देबी (IND), राजेश शर्मा (IND) और रेनू (IND) हैं।
2022 में लुधियाना पश्चिम सीट आप के गुरप्रीत बस्सी गोगी को मिली थी जीत
2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में आप के गुरप्रीत बस्सी गोगी को लुधियाना पश्चिम सीट पर जीत मिली थी। उन्होंने कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 7512 वोटों के अंतर से हराया था। कुल 116187 वोट पड़े, जिनमें से आप को 40443 वोट मिले।