पंजाब में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। बाढ़ ने हजारों लोगों को बेघर कर दिया है। इस त्रासदी से 12 जिलों में 2.56 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ की वजह से अब तक राज्य में 29 लोगों की मौतें हो चुकी हैं।
भारत के आधे से ज्यादा राज्यों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। लेकिन सबसे बुरी हालत इसव वक्त पंजाब की है। जहां कई जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। पठानकोट, फिरोजपुर और अमृतसर जिले के कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। लोगों के घर डूब चुके हैं, आलम यह है कि वह किसी तरह उन्होंने टेंट में अपना आशियाना बनाया है। इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तबाही की तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें बारिश के तांडव का मंजर देखा जा सकता है। बता दें कि पंजाब में बाढ़ की तबाही के बीच पीएम मोदी ने सीएम भगवंत मान से फोन पर बात करके हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
पंजाब बाढ़ से 2.56 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
पंजाब बाढ़ से 12 जिलों में 2.56 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जिसमें हजारों लोग बेघर हो गए। जन-जीवन, संपत्ति, फसलों तथा पशुधन को भारी नुकसान पहुंचा है।उन्होंने बताया कि अब तक 15,688 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। सबसे अधिक गुरदासपुर में 5,549 लोग हैं। बाढ़ की वजह से अब तक राज्य में 29 लोगों की मौतें हो चुकी हैं। जाब में बाढ़ के इतने भयानक हालात आज से करीब 37 साल पहले 1988 में हुए थे। लेकिन इस बार हालात उससे भी ज्यादा खराब हैं।

सीएम भगवंत मान को देखते ही बिलख पड़े लोग
मुख्यमंत्री भगवंत मान बाढ़ प्रभावित जिले और गांव में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने उन लोगों से मुलाकात की जिनके घर डूब चुके हैं और टेंट में गुजर बसर कर रहे हैं। जैसे ही मान उनके पास पहुंचे तो लोग अपनी परेशानी बयां करते करते बिलख पड़े। मुख्यमंत्री ने उनको गले लगाते हुए उन्हें हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। बता दें कि सीएम ने कहीं नाव पर सवार होकर जायजा लिया तो कहीं हेलिकॉप्टर से बाढ़ वाले इलाकों को देखने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा-सरकार आपके साथ है, प्राकृतिक आपदा है, यह वक्त भी चला जाएगा।
आपदा की घड़ी में सीएम मान ने बढ़ाया लोगों का हौसला
सीएम मान ने कहा बाढ़ के कारण लोगों को हुए हर प्रकार के नुकसान के लिए उचित मुआवज़ा दिया जाएगा और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए नए और प्रभावी तरीकों की तलाश की जाएगी। साथ ही केंद्र सरकार से प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुए नुकसान के मुआवज़े को बढ़ाने की माँग भी की गई है। हिम्मत और हौंसला बनाए रखें। सकारात्मक सोच और मनोबल बरकरार रखें। इस संकट की घड़ी में हमारी सरकार और प्रशासन पूरी तत्परता के साथ लोगों के साथ खड़े हैं। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की हर संभव कोशिश की जा रही है। बहुत जल्द हालात सामान्य होंगे।
पूरे देश से पंजाब के साथ खड़े होने की अपील
सीएम भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के बाद फिरोजपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा-जब देश संकट में था, पंजाब हमेशा देश के साथ खड़ा था। आज, पंजाब संकट में है, और मुझे पूरी उम्मीद है कि पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा होगा। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने फोन किया और उन्होंने स्थिति की जानकारी ली।