सार
Komal Jadhav Case: पुणे के पिंपरी-चिंचवड में 18 साल की कोमल की घर के बाहर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुणे: अभी-अभी 18 साल की हुई थी। उस रात घर का दरवाज़ा बंद करके अपने काम में लगी थी। लेकिन बाइक पर आए दो लोगों ने उसे निशाना बनाया। घर के पास आकर दरवाज़ा खटखटाया। लड़की ने जैसे ही दरवाज़ा खोला, उन लोगों ने धारदार हथियार से हमला करके उसे मार डाला और फरार हो गए। ये खौफनाक घटना महाराष्ट्र के पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड के वाल्हेकरवाड़ी इलाके में हुई। रविवार रात (11 मई) को 18 साल की कोमल भरत जाधव अपने घर पर थीं, तभी दो लोग बाइक पर आए और उसे घर के बाहर बुलाया। जैसे ही कोमल बाहर आई, उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस हमले में कोमल की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए काले कपड़े और हेलमेट पहने थे, लेकिन पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और 24 घंटे के अंदर ही आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपी उदयभान यादव (45 साल) और उसके भतीजे को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वो कोमल के घर के पास ही रहता था।
पुलिस जांच में पता चला है कि कोमल और उदयभान के बीच पहले निजी संबंध थे। पैसों का लेनदेन भी हुआ था। इसी वजह से दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। गुस्से में उदयभान ने अपने भतीजे के साथ मिलकर कोमल की हत्या की साजिश रची और रविवार रात उसे मार डाला।
इस घटना के बाद वाल्हेकरवाड़ी इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। एक लड़की की उसके घर के सामने हत्या ने लोगों को डरा दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इस मामले में वनावाड़ी पुलिस थाने की पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है, आगे की जांच जारी है। शुरुआती जांच के बाद और जानकारी सामने आ सकती है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है, लेकिन ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। लोगों ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।