सार
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री तानाजी सावंत के बेटे ऋषिराज सावंत के अपहरण की खबर से मचा हड़कंप। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उन्हें दोस्तों के साथ पुणे वापस लाया। जानें पूरा मामला।
पूणे। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री तानाजी सावंत के बेटे ऋषिराज सावंत (32) के अचानक लापता होने और अपहरण की खबर से सनसनी फैल गई। इस मामले में पुणे पुलिस को एक अननोन कॉल के जरिए जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऋषिराज को उनके दो दोस्तों सहित बैंकॉक से वापस लाने में सफलता हासिल की।
पुलिस कंट्रोल रूम में आई अननोन कॉल
संयुक्त पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को सोमवार शाम 4 बजे एक अज्ञात कॉल मिली, जिसमें दावा किया गया कि पूर्व मंत्री के बेटे ऋषिराज को कुछ अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाई और अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
बैंकॉक के लिए बुक की थी चार्टर्ड फ्लाइट
जांच में पता चला कि पूर्व मंत्री ताना जी सावंत के बेटै ऋषिराज ने अपने दो दोस्तों के साथ बैंकॉक जाने के लिए 78 लाख रुपये में एक चार्टर्ड विमान बुक किया था। पुलिस ने उनकी उड़ान को ट्रैक किया और एयरलाइन से संपर्क कर विमान की वापसी सुनिश्चित की। कुछ घंटों बाद ऋषिराज और उनके दोस्त पुणे लौट आए। पुलिस का कहना है कि अब इस बात की जांच की जा रही है कि ऋषिराज ने बैंकॉक यात्रा की योजना क्यों बनाई थी और उन्होंने अपने परिवार को इस बारे में सूचित क्यों नहीं किया।
ये भी पढ़ें… श्रद्धा वाकर केस: खत्म हो गईं पिता के जीवन की सांसें, अब तक नहीं मिला न्याय
परिवार को बिना बताए निकलने पर बढ़ी चिंता: पूर्व मंत्री तानाजी सावंत
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री तानाजी सावंत ने किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद से इनकार किया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनका बेटा बिना बताए एयरपोर्ट के लिए निकल गया है, तो उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस आयुक्त ने क्या कहा?
पुलिस आयुक्त शर्मा ने बताया कि गुमनाम कॉल से संकेत मिला कि ऋषिराज को अज्ञात लोग अपने साथ ले गए हैं। इसी आधार पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई, क्योंकि इस तरह के मामलों में एफआईआर दर्ज होना आवश्यक होता है।
पूर्व मंत्री का बेटा पहले भी कर चुका है विदेश यात्रा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक हफ्ते पहले ऋषिराज सावंत दुबई की यात्रा पर गए थे, जिसकी जानकारी परिवार को थी। लेकिन इस बार बैंकॉक जाने की योजना के बारे में उन्होंने किसी को नहीं बताया था, जिससे परिवार चिंतित हो गया। अब पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऋषिराज और उनके दोस्तों ने यह यात्रा क्यों की और उनकी योजना क्या थी।
ये भी पढ़ें…विवादित बयानों से मुश्किल में फंसे रणवीर इलाहाबादिया, केस दर्ज, फडणवीस ने कही ये बात