सार

नवी मुंबई की एक एसी बस में कपल की अश्लील हरकत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और जुर्माना लगाया। लापरवाही के लिए बस कंडक्टर को भी निलंबित किया गया था।

नवी मुंबई : पिछले महीने नवी मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। नवी मुंबई महानगरपालिका की एक एसी बस में पीछे की सीट पर एक कपल ने सरेआम शारीरिक संबंध बनाए। ये सब रास्ते से गुजर रहे लोगों ने देखा और मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कपल की पहचान की। इस घटना के बाद नवी मुंबई महानगरपालिका के परिवहन विभाग ने कामोठे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कपल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 296 और महाराष्ट्र पुलिस कानून की धारा 110 और 117 के तहत मामला दर्ज किया। कोर्ट में कपल ने माफी मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने दोनों पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया।

इस घटना के दौरान बस का कंडक्टर आगे की तरफ यात्रियों के साथ बैठा था। उसने इस घटना पर ध्यान नहीं दिया, इसलिए महानगरपालिका ने उसे लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया। हालांकि, कुछ दिनों बाद उसे फिर से नौकरी पर रख लिया गया।

बाइक सवार ने बनाया था वीडियो

यह घटना 20 अप्रैल, रविवार शाम को हुई। पनवेल से कल्याण जा रही एसी बस में पीछे की सीट पर कपल ने अश्लील हरकत की। रास्ते से जा रहे एक बाइक सवार ने यह सब देखकर अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सार्वजनिक जगह पर अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और कपल को गिरफ्तार कर लिया। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने बसों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।