सार
मध्य प्रदेश की तपती ज़मीन पर बढ़ रहा है खतरा! 20 जिलों में पारा 40 के पार, कहीं 44 डिग्री की चेतावनी। लू, गर्म हवाएं और जलवायु संकट की दस्तक या कुछ और? क्या यह सिर्फ गर्मी है या किसी बड़ी जलवायु तबाही की दस्तक? जानें आज का मौसम अपडेट।
MP Heat Alert: मध्य प्रदेश में अप्रैल महीने ने ही भीषण गर्मी का रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जबकि नर्मदापुरम में पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज यानी शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री से भी ऊपर जा सकता है।
गुरुवार को नर्मदापुरम रहा सबसे गर्म, टॉप 10 गर्म शहरों में शामिल
गुरुवार को सबसे ज्यादा तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया — 43.6 डिग्री सेल्सियस। यह शहर पूरे देश के सबसे गर्म टॉप 10 शहरों में 10वें स्थान पर रहा। रतलाम भी पीछे नहीं रहा, जहां पारा 43.2 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में गर्मी का यह कहर अभी और तेज़ होगा।
इन जिलों में दर्ज हुआ 40 डिग्री से ज्यादा तापमान
जिला तापमान (°C)
- नर्मदापुरम 43.6
- रतलाम 43.2
- गुना 42.4
- शाजापुर 42.1
- धार 42.0
- टीकमगढ़ 41.5
- सागर 41.4
- खजुराहो 41.0
- मंडला 41.0
- खरगोन 40.6
- खंडवा 40.5
- दमोह 40.5
- रायसेन 40.4
- शिवपुरी 40.0
- भोपाल 41.1
- उज्जैन 41.5
- इंदौर 40.4
- जबलपुर 39.6
गुजरात-राजस्थान की गर्म हवाएं बढ़ा रही हैं लू का असर
गुजरात और राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं अब मध्य प्रदेश को भी अपनी चपेट में ले चुकी हैं। इसका सीधा असर मालवा, बुंदेलखंड, बघेलखंड और निमाड़ अंचल पर देखा जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की स्थिति बन गई है।
18 अप्रैल को कहां-कहां लू का खतरा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार 18 अप्रैल को श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, छतरपुर, पन्ना, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, देवास, बड़वानी, खरगोन, हरदा, खंडवा और बुरहानपुर में तेज़ गर्मी और लू चलने की आशंका जताई गई है।
19 अप्रैल को मिल सकती है हल्की राहत
19 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। दिन और रात के तापमान में 1-2 डिग्री की राहत मिल सकती है। हालांकि, यह राहत बहुत सीमित और अस्थायी होगी।
अप्रैल के बाकी दिन कैसे रहेंगे? मौसम विभाग का पूर्वानुमान
तीसरा सप्ताह:
- दिन का तापमान: 42 से 44 डिग्री सेल्सियस
- रात का तापमान: 25 से 27 डिग्री सेल्सियस
- 2 से 3 दिन तक लू चलने की संभावना
चौथा सप्ताह:
- उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय होंगी
- न्यूनतम तापमान: 27 से 30 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक)
बंगाल की खाड़ी से बन रहा है साइक्लोनिक सिस्टम, बढ़ेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल के आखिरी दिनों में बंगाल की खाड़ी में बनने वाला चक्रवाती सिस्टम मध्य प्रदेश के मौसम को और अस्थिर कर सकता है। इससे 3 से 4 दिन तक लू का प्रकोप और भी तेज़ हो सकता है।
अभी नहीं थमेगी गर्मी की मार
प्रदेश में गर्मी अभी थमने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, धूप में कम निकलने और पर्याप्त जल सेवन की सलाह दी है। अगला हफ्ता और भी ज्यादा खतरनाक और गर्म हो सकता है।