सार

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में 'इंवेस्ट एमपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2025' का कर्टेन रेजर किया। प्रधानमंत्री मोदी 24 फरवरी को इस सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। कई बड़े उद्योगपतियों ने निवेश की इच्छा जताई है।

नई दिल्ली/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी नई दिल्ली में इंवेस्ट एमपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (GIS)-2025 का कर्टेन रेज किया। 12 फरवरी को ताज महल होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने उद्योगपतियों-निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा की। सीएम डॉ. यादव ने देश-विदेश के निवेशकों को जीआईएस में शामिल होने और मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित भी किया। बता दें, जीआईएस का आयोजन 24-25 फरवरी को भोपाल में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को इस वैश्विक सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। समिट के दूसरे दिन समापन कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कई बार परमात्मा जीवन में कुछ अलग करने का मौका देता है, उसके साथ-साथ अनुकूलता भी बनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होने जा रहा है। भारत के उद्योगपति-निवेशक आगे बढ़ेंगे, तो ही देश आगे बढ़ेगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में जनतंत्र मजबूत हो रहा है। देश के लिए चारों तरफ अनुकूल परिस्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत सबसे युवा देश है। इसलिए युवाओं के विकास के लिए अलग सोच रखनी पड़ेगी। उद्योगपति कई लोगों के पेट भरकर देवताओं की भूमिका निभाते हैं। हमारे पास सभी सेक्टरों में विकास के अवसर हैं। हमारे राज्य में आध्यात्मिक-सांस्कृतिक-प्राकृतिक शक्ति की भरमार है। इसलिए मैं आप सभी को जीआईएस में आने के लिए आमंत्रित करता हूं।

एमपी में निवेश के लिए सबकुछ- सिंघानिया

गौरतलब है कि सीएम डॉ. मोहन यादव और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत सीआईआई के चेयरमैन (नॉर्दर्न रीजन) और जेके सीमेंट के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर-सीईओ माधवकृष्ण सिंघानिया के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने ईज ऑफ डुइंग पर विशेष ध्यान दिया। मध्यप्रदेश आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक तौर पर काफी मजबूत है। प्रदेश में निवेश के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम डॉ. यादव नई-नई नीतियां लाकर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जा रहे हैं।

प्रदेश में हर सेक्टर के लिए बहुत कुछ- मुख्य सचिव जैन

कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। राज्य सरकार ने 7 रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की हैं। इससे प्रदेश को करीब साढ़े तीन लाख करोड़ का निवेश भी मिला है। भोपाल खूबसूरत शहर है। यहां निवेशक जीआईएस के साथ-साथ आप प्रकृति का आनंद भी उठाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पास ऊर्जा का भंडार है। प्रदेश सोलर एनर्जी के हब की तरह है। मध्यप्रदेश में पानी की कोई कमी नहीं है। यहां निवेशकों के लिए जबरदस्त कानून व्यवस्था है। प्रदेश शांत राज्य है। यहां निवेशकों को लेबर भी सस्ती मिल जाती है। जो मध्यप्रदेश आता है, वो यहीं का हो जाता है। राज्य सरकार ने हर सेक्टर के लिए पॉलिसी बनाई है। प्रदेश में कंपनी एक ही दिन में रजिस्टर हो जाती है। इसकी तारीफ जर्मनी भी कर चुका है। उन्होंने कहा कि हमने ईज ऑफ डुइंग पर फोकस किया है। नई पॉलिसी के तहत अब निवेशकों को तीस की जगह दस अनुमतियां ही लेनी होंगी। उद्बोधन के बाद प्रमुख सचिव जैन ने निवेशकों को जीआईएस के लिए आमंत्रित किया।

उद्योगों के लिए स्वर्णिम काल- प्रमुख सचिव सिंह

प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यस्था है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में निवेश करना उद्योगों के लिए स्वर्णिम काल की तरह है। उन्होंने शायराना अंजाद में कहा, 'कौन कहता है कि आसमां में सुराग नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो..!' उन्होंने कहा कि जीआईएस ऐसा सम्मेलन होगा, जिसका अनुभव कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जीआईएस में कई नीतियों को लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने सभी उद्योगपतियों-निवेशकों को जीआईएस के लिए आमंत्रित किया।

ये कंपनी करेगी 50 हजार करोड़ का निवेश

अवाडा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल ने कहा कि हमने प्रदेश में 50 हजार करोड़ का निवेश तय किया है। हम भारत सरकार के प्रोजेक्ट को भी प्रदेश में ला रहे हैं। हम हजारों युवाओं को रोजगार देने जा रहे हैं। प्रदेश में ईज ऑफ डुइंग है। यहां आने वाली समस्याओं-चुनौतियों का जल्द समाधान होता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जुनुनी हैं। वे प्रदेश के विकास के लिए हर तरह का प्रयास कर रहे हैं। वे उद्योगपतियों के सुझावों को तत्काल लागू भी कर देते हैं। प्रदेश में ग्रीन पावर की पूरी क्षमता है।

कर्टेन रेजर के वीडियो में दिखीं एमपी की विशेषताएं

जीआईएस-2025 के कर्टेन रेजर ईवेंट के दौरान अतिथियों को एक वीडियो भी दिखाया गया। इस वीडियो में प्रदेश के विकास की प्रदर्शनी थी। इसमें दिखाया गया कि प्रदेश न केवल आध्यात्मिक-सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है, बल्कि यहां उद्योगों की भी भरमार है। वीडियो में प्रदेश की सभी विशेषताओं को शामिल किया गया। इसमें यह भी बताया गया कि मध्यप्रदेश सभी तरह के निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रदेश हर तरह से हर चुनौती के लिए सक्षम है।