Jharkhand Weather News: झारखंड में बारिश के बाद अब गर्मी बढ़ने वाली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर खत्म होने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
Jharkhand Weather: झारखंड का मौसम पिछले कुछ दिनों से काफी सुहाना रहा है। इस दौरान राजधानी रांची समेत विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। लेकिन एक बार फिर झारखंड में सूरज की तपिश आपको परेशान करने वाली है। दरअसल, राज्य में चल रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब खत्म होने वाला है। इसके चलते राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक बार फिर गर्मी का एहसास होगा। हालांकि, आज 1 जून तक कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है।
2-3 दिन तक सताएगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर खत्म होते ही तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी बढ़ेगी। आज से कई जगहों पर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य का पारा 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। अगले 2-3 दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी सताएगी। इसके बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आज रांची, साहिबगंज, गोड्डा, धनबाद, बोकारो, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, दुमका, जामताड़ा, कोडरमा और गिरिडीह में शाम को हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना हो जाएगा। यहां अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है और यह 33 डिग्री तक रह सकता है।
आज दोपहर में गर्मी सताएगी
हालांकि, कुछ जिलों में शाम को बारिश हो सकती है, लेकिन सुबह और दोपहर में चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान करेगी। दोपहर के समय अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री तक जा सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि लोग हाइड्रेटेड रहें।
जानिए इन जिलों के तापमान का हाल
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।