सार
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए हैं। भाजपा प्रत्याशी तरविंदर मारवाह ने उन्हें 675 वोटों से हराया।
Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम शनिवार को आ गए। पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए हैं। भाजपा प्रत्याशी तरविंदर मारवाह ने उन्हें 675 वोटों से हराया। मनीष सिसोदिया को 38184, तरविंदर मारवाह को 38859 और कांग्रेस उम्मीदवार फरहाद सूरी को 7350 वोट मिले।
मनीष सिसोदिया शराब घोटाला मामले में चर्चा में रहे हैं। लंबे समय तक उन्हें दिल्ली के तिहाड़ जेल में रहना पड़ा है। वह जमानत पर बाहर आए हैं। मनीष सिसोदिया पहली बार जंगपुरा सीट से चुनाव लड़े। इससे पहले 2013, 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में वह पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़े और जीते थे। 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार को जंगपुरा सीट से जीत मिली थी। 2015 के चुनाव में भी यहां आप के प्रवीण कुमार को यहां जीत मिली थी।
यह भी पढ़ें- Jangpura Seat: 'आप' के नंबर 2 मनीष सिसोदिया की हार के 3 बड़े कारण
मनीष सिसोदिया के लिए जंगपुरा सीट प्रतिष्ठा का विषय है। भाजपा और कांग्रेस ने यहां उन्हें कड़ी टक्कर दी है। मुकाबला त्रिकोणीय रहा है। 52 साल के सिसोदिया के खिलाफ 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सबसे चर्चित केस दिल्ली शराब घोटाला का है। उनके खिलाफ ईडी और सीबीआई जांच कर रही है। सिसोदिया ने अपनी संपत्ति 1.42 करोड़ रुपए से अधिक बताई है। वह 1.5 करोड़ रुपए से अधिक के कर्जदार हैं।
यह भी पढ़ें- Delhi Election Results: अरविंद केजरीवाल को हराने वाला भाजपा का वो दिग्गज नेता कौन?