सार

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल की है। रिजल्ट आने के दस दिन बाद भी अभी मुख्यमंत्री तय नहीं हो सका है। 

Delhi BJP MLAs meeting: दिल्ली में बीजेपी 27 साल बाद सरकार बनाने जा रही है। प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी को अपना मुख्यमंत्री चुनने में थोड़ी देरी हो रही है। करीब दस दिन बीतने के बाद भी भाजपा दिल्ली में मुख्यमंत्री कौन होगा?, इसको लेकर पशोपेश में है। बुधवार को बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक जुटेंगे और संभव है अपना नेता व दिल्ली के अगले मुखिया को चुन लेंगे। विधायक दल की मीटिंग के लिए पार्टी ने पर्यवेक्षकों के नाम तय कर दिए हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

बीते 5 फरवरी को दिल्ली की 70 सीटों पर दिल्लीवालों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। दिल्ली का जनादेश 8 फरवरी को वोटों की गिनती के बाद सामने आया था। दिल्ली ने 27 साल बाद बीजेपी को सत्ता सौंपने के साथ ही आम आदमी पार्टी को उसके गठन के बाद से पहली बार सत्ता से बाहर किया।

कौन बनेगा दिल्ली का नया मुख्यमंत्री?

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है। चर्चा में सबसे आगे परवेश वर्मा (Parvesh Verma) का नाम है। वह बीजेपी के पूर्व मुख्यमंत्री साहेब सिंह वर्मा (Saheb Singh Verma) के बेटे हैं। इनके अलावा, पूर्व दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय (Satish Upadhyay), वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता (Vijender Gupta), जनकपुरी के नवनिर्वाचित विधायक आशीष सूद (Ashish Sood) और उत्तम नगर के विधायक पवन शर्मा (Pawan Sharma) भी रेस में हैं।

महिला मुख्यमंत्री पर भी विचार

दिल्ली की राजनीति में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बीजेपी इस बार दिल्ली को महिला मुख्यमंत्री भी दे सकती है। बीजेपी की चार महिला विधायक - नीलम पहलवान (Neelam Pahalwan), रेखा गुप्ता (Rekha Gupta), पूनम शर्मा (Poonam Sharma) और शिखा रॉय (Shikha Roy) इस दौड़ में शामिल हो सकती हैं।

बीजेपी की ऐतिहासिक जीत

बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 48 सीटें जीतकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। 2020 में मात्र 7 सीटें जीतने वाली बीजेपी ने इस बार 41 सीटों का इजाफा किया, जबकि AAP केवल 22 सीटों पर सिमट गई।

यह भी पढ़ें:

AAP Top leaders defeated: चुनाव हारने वाले आप के दिग्गज नेताओं की लिस्ट, अधिकतर पहली बार हारे