सार
Delhi Vidhan Sabha Session: दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र आज से शुरू हो रहा है। 27 साल बाद आज भाजपा सत्तापक्ष में बैठेगी। स्पीकर का चुनाव आज दोपहर 2 बजे होगा।
Delhi Vidhan Sabha Session: दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र आज से शुरू हो रहा है। 27 साल बाद भाजपा सत्तापक्ष में बैठेगी, जबकि 10 साल तक सत्ता में रही आम आदमी पार्टी अब विपक्ष में रहेगी। दिल्ली में नई सरकार बनने के बाद आज से पहला विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। सोमवार सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इससे पहले उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाएंगे।
आज दोपहर 2 बजे होगा स्पीकर का चुनाव
गांधी नगर से विधायक अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है और जब तक विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता, वह सदन की जिम्मेदारी संभालेंगे। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया है। दोपहर 2 बजे स्पीकर का चुनाव होगा जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विजेंद्र गुप्ता को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखेंगी और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा इसका समर्थन करेंगे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र आज से, स्पीकर चुनाव पर रहेगी नजर
कैग रिपोर्ट सदन में होगा बड़ा मुद्दा
25 फरवरी को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के अभिभाषण के बाद पिछली आप सरकार की लंबित 14 कैग रिपोर्ट सदन पटल पर रखी जाएगी। 26 फरवरी को विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी। 27 फरवरी को सदन में उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी, जिसके बाद विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा। विधानसभा के एजेंडे के अनुसार, जो सदस्य 24 फरवरी को शपथ ग्रहण नहीं कर पाएंगे वे बाद में किसी भी बैठक में विधानसभा सचिव को सुबह 11 बजे तक सूचना देकर शपथ ले सकेंगे।