सार

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आ गए हैं। मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव जीत गईं हैं, लेकिन उनकी पार्टी हारी है। कई मंत्री भी चुनाव हारे हैं। जानें किसका प्रदर्शन कैसा है।

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आ गए हैं। आम आदमी पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा को अगले 5 साल के लिए बड़ा बहुमत मिला है। चुनाव में मुख्यमंत्री आतिशी और उनकी कैबिनेट के मंत्रियों की राजनीतिक प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी थी। आतिशी चुनाव जीत गईं, लेकिन उनकी कैबिनेट के कई मंत्री हार गए हैं। आइए जानते हैं किसने कैसा प्रदर्शन किया है।

सीएम आतिशी कालकाजी सीट से जीतीं

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव जीत गईं हैं। उन्होंने 18 विभाग भी अपने पास रखे हैं। ये लोक निर्माण विभाग (बिजली, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा, जनसंपर्क विभाग, राजस्व, वित्त, योजना, सेवाएं, सतर्कता, जल, कानून, न्याय एवं विधायी मामले, परिवहन, प्रशासनिक सुधार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, गृह, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य सभी विभाग जो किसी भी मंत्री को विशेष रूप से आवंटित नहीं किए गए हैं।

आतिशी कालकाजी से चुनाव जीत गईं हैं। उन्होंने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3521 वोटों से हराया। आतिशी को 52154, रमेश बिधूड़ी को 48633 और कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा को 4392 वोट मिले। आतिशी ने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी से भाजपा के धर्मबीर सिंह को 11,393 मतों के अंतर से हराया था। वह सितंबर 2024 में दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं। इससे पहले, केजरीवाल सरकार में कैबिनेट मंत्री थीं। उन्होंने शिक्षा, वित्त, महिला एवं बाल कल्याण, संस्कृति, पर्यटन और पीडब्ल्यूडी सहित कई मंत्रालय संभाले थे।

सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट से हारे

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट से हार गए हैं। भाजपा की शिखा रॉय ने उन्हें 3188 वोटों से हराया। शिखा रॉय को 49594, सौरभ भारद्वाज को 46406 और कांग्रेस के गर्वित सिंघवी को 6711 वोट मिले। 

सौरभ भारद्वाज के पास शहरी विकास, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण, स्वास्थ्य, उद्योग, कला, संस्कृति और भाषा, पर्यटन, समाज कल्याण और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी है। उन्हें भाजपा की शिखा रॉय और कांग्रेस के गर्वित सिंघवी से कड़ी चुनौती मिली है। भारद्वाज ने इसी सीट पर 2020 में भाजपा की शिखा रॉय को 16,809 मतों से हराया था।

यह भी पढ़ें- Delhi Election 2025 Result Live Updates: 'आप' या बीजेपी? दिल्ली में किसकी सरकार

गोपाल राय बाबरपुर सीट से जीते

गोपाल राय दिल्ली सरकार में विकास, सामान्य प्रशासन, पर्यावरण और वन एवं वन्य जीव विभाग के मंत्री हैं। उन्हें बाबरपुर सीट से जीत मिली है। गोपाल राय ने 18994 वोटों से भाजपा के अनिल वशिष्ठ को हराया। गोपाल राय को 76192, अनिल वशिष्ठ को 57198 और कांग्रेस ने हाजी मोहम्मद इशराक खान को 8797 वोट मिले। 

गोपाल राय 2015 से 2024 तक केजरीवाल कैबिनेट में मंत्री थे। वह 2013 में बाबरपुर से विधानसभा चुनाव हार गए थे। उन्होंने 2015 में भाजपा के नरेश गौड़ को 35,271 मतों से हराकर बाबरपुर से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2020 में फिर से गौर को 33,062 मतों के अंतर से हराया।

इमरान हुसैन बल्लीमारान सीट से जीते

दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन बल्लीमारान से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के कमल बागड़ी को 29823 वोटों से हराया। इमरान हुसैन को 57004, कमल बागड़ी को 27181 और हारून यूसुफ को 13059 वोट मिले। 

बल्लीमारान विधानसभा सीट चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में आता है। यहां मुस्लिम आबादी ज्यादा है। 2020 के चुनाव में इमरान को 65,644 वोट (64.65%) मिले थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार लता को 36,172 वोटों से हराया था।

मुकेश अहलावत सुल्तानपुर माजरा सीट से जीते

दिल्ली सरकार में गुरुद्वारा चुनाव, एससी और एसटी, भूमि और भवन, श्रम व रोजगार विभाग के मंत्री मुकेश अहलावत सुल्तानपुर माजरा सीट से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के करम सिंह को 17126 वोटों से हराया। अहलावत को 58767, करम सिंह को 41641 और कांग्रेस के जय किशन को 8688 वोट मिले।