सार

दिल्ली में भाजपा की बड़ी जीत के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। रेखा गुप्ता दिल्ली नई मुख्यमंत्री बनीं हैं। वह पुरानी आरएसएस कार्यकर्ता हैं। बनिया समाज से आती हैं।

Delhi New Chief Minister: दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election 2025) के नतीजे आने के 11 दिन बाद भाजपा ने नई मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया है। रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया गया है। वह 20 फरवरी को शपथ ग्रहण करेंगी। 

कौन हैं रेखा गुप्ता?

50 साल की रेखा गुप्ता दिल्ली भाजपा की बड़ी नेता हैं। वह शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गईं हैं। ग्रेजुएट प्रोफेशनल रेखा की छवि जमीन से जुड़ी नेता की है। उन्होंने संगठन के लिए भी बेहतर काम किया है। रेखा गुप्ता दिल्ली भाजपा की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।  

RSS की पुरानी कार्यकर्ता होना भी रेखा गुप्ता के पक्ष में गया है। वह भाजपा की प्रमुख बनिया नेता हैं। उनका नाम इस अटकल के बीच भी प्रमुखता से चर्चा रहा कि पार्टी किसी महिला को दिल्ली का मुख्यमंत्री बना सकती है।

पहली बार विधायक बनीं हैं रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनीं हैं। उन्होंने शालीमार बाग सीट पर आप की बंदना कुमारी और कांग्रेस के प्रवीण कुमार जैन को हराया था। रेखा के पास वर्षों का राजनीतिक अनुभव है। उनकी राजनीतिक यात्रा दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्र राजनीति से शुरू हुई थी। वह तीन बार नगर निगम पार्षद रह चुकी हैं। वह दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) में मेयर रहीं हैं।

बनिया समाज से बनीं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री

भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद बनिया समुदाय के नेता रेखा गुप्ता को दिया है। इस पद के लिए शीर्ष दावेदारों में विजेंद्र गुप्ता और जीतेंद्र महाजन भी बनिया समुदाय से थे। दिल्ली में बनिया समाज का बड़ा मतदाता आधार है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

बनिया समुदाय अपनी पर्याप्त उपस्थिति और आर्थिक ताकत के कारण दिल्ली की राजनीति में काफी प्रभाव रखता है। माना जाता है कि 5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में इस समुदाय ने अहम भूमिका निभाई थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 20 फरवरी को नई सरकार का शपथ ग्रहण, रामलीला मैदान में नई कैबिनेट के लिए सजेगा मंच

दिल्ली में 27 साल बाद बनने जा रही भाजपा सरकार

बता दें कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनने जा रही है। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव हुए। बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत थी। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48 सीटें जीत ली। आम आदमी पार्टी 22 सीटें जीत सकी। कांग्रेस का खाता नहीं खुला।