Crime News: कैमूर में हरियाणा के दूल्हे की दुल्हन का अपहरण, बदमाशों ने नकदी-जेवर भी लूटा। शादी के बाद घर जाते वक्त हुई घटना, गिरोह का पर्दाफाश।
Kaimur Dulhan Kidnap: बिहार में दुल्हन अपहरण का एक और मामला सामने आया है।हाल ही में दरभंगा और सारण जिले से दुल्हन अपहरण के मामले सामने आए थे। ताजा मामला कैमूर से सामने आया है। यहां हरियाणा से आया दूल्हा अपनी दुल्हन को ससुराल नहीं ले जा सका। रास्ते में कुछ बदमाशों ने दुल्हन का अपहरण कर लिया। लुटेरों ने दूल्हे से नकदी और जेवर भी छीन लिए। दुल्हन अपहरण के मामले से हड़कंप मच गया। हालांकि, जब ससुराल वालों को पूरी घटना की जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
दुल्हन को बाइक पर बिठा कर भागे बदमाश
दरअसल, हरियाणा के पृथला गांव निवासी सुरेश कुमार ने अपने साले पवन कुमार की शादी बिहार के कैमूर जिले में तय की थी। अपने साले की शादी कराने के लिए उसने बिचौलिया गिरोह को डेढ़ लाख रुपये दिए थे। पवन कुमार की शादी कैमूर के चैनपुर में हुई और वह दुल्हन लेकर अपने घर जा रहा था। बदमाशों ने एनएच 219 पर गेहुंवा नदी के पास दूल्हे और उसके परिजनों की कार को जबरन रोक लिया और जेवरात व पैसे छीन लिए। इतना ही नहीं बदमाश दुल्हन को भी बाइक पर अपने साथ ले गए। जब पूरा मामला प्रकाश में आया तो पता चला कि वे इस शादी में ठगी के शिकार हो गए।
शादी कराने के नाम पर लूटपाट करता था गिरोह
सुरेश ने बताया कि वे अपने साले पवन कुमार (दूल्हा) की शादी कराने के लिए चैनपुर थाना क्षेत्र के खरिगांवा आए थे। चैनपुर प्रखंड के एक गांव की लड़की से फोन पर शादी की बात तय हुई थी। खरिगांवा में 13 जून की रात महज एक घंटे में शादी संपन्न हो गई। इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने ऑटो बुलाकर दुल्हन के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन भेज दिया, लेकिन तीन किमी की दूरी पर पहुंचते ही बदमाशों ने उनसे लूटपाट की और दुल्हन को अपने साथ ले गए। बाद में उन्हें पता चला कि उक्त लोग शादी कराने के नाम पर लूटपाट करने का गिरोह संचालित करते हैं।