Bihar Rain Alert: बिहार में अगले 48 घंटों में कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने 13 जिलों में ऑरेंज और 10 में येलो अलर्ट जारी किया है।
Bihar Rain Alert: पटना में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। लोगों को पंखे और कूलर से कोई आराम नहीं मिल पा रहा है। अब ऐसे में मौसम विभाग ने बिहार में भीषण गर्मी से राहत के संकेत दिए हैं। अगले 48 घंटों के भीतर राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसको लेकर 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
कहां-कहां होगा ज्यादा असर?
दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, शिवहर, मुजफ्फरपुर और मधुबनी जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बारिश और वज्रपात का भी खतरा है। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
येलो अलर्ट वाले जिले
पश्चिम चंपारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, अरवल, औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया, कटिहार और मंगेर जैसे जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन की संभावना है।
यह भी पढ़ें: एक्शन में बिहार पुलिस! पटना समेत कई जिलों में दनादन 5 एनकाउंटर, अपराधियों में दहशत
हीटवेव अभी भी बरकरार
हालांकि कुछ जिलों में अब भी गर्म और शुष्क हवाओं के चलते हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। रोहतास, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद में लू का खतरा बना हुआ है। इन जिलों में लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।