सार

Bihar Weather News: बिहार में झुलसाती गर्मी से जल्द मिलेगी राहत। पटना समेत कई जिलों में गरज-तड़क और हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 13 अप्रैल तक येलो अलर्ट जारी किया है। जानें किन जिलों में गिरेगा तापमान और क्या हैं जरूरी सावधानियां।

Bihar Weather News: बिहार में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही गरज-तड़क और छिटपुट बारिश होने की भी संभावना है।

किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, सुपौल मेंं भीषण गर्मी से राहत

मंगलवार, 8 अप्रैल 2025 को बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में एक या दो स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की उम्मीद है। साथ ही गरज-तड़क के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार के तापमान में गिरावट की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। सोमवार को पटना और आसपास के इलाकों में पुरवा हवा के कारण उमस भरी गर्मी रही, हालांकि आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसके अलावा, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे मौसम प्रभावित हो रहा है।

​क्या है बिहार का तापमान?

प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान मधेपुरा में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान सोमवार को सामान्य से चार डिग्री ऊपर 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार के प्रमुख शहरों के तापमान में गिरावट

बीते 24 घंटों में पटना सहित प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पटना में 3.1 डिग्री सेल्सियस, सासाराम में 2.2 डिग्री, बक्सर में 3.6 डिग्री, भोजपुर में 2.5 डिग्री, बेगूसराय में 5 डिग्री, समस्तीपुर में 3.2 डिग्री, गोपालगंज में 3 डिग्री, जमुई में 2.4 डिग्री, दरभंगा में 2.4 डिग्री, सुपौल में 1.9 डिग्री, मधेपुरा में 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

मौसम में आए बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और गाड़ियों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें। बिजली चमकने और मेघ गर्जन के समय पेड़ों के पास न जाएं। तेज हवा चलने के दौरान नाव से आवागमन न करें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे काट कर रखी गई फसलों की देखभाल करें और खलिहानों में पड़े अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखें। पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखना जरूरी है।