ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ने PSL का 1.87 करोड़ का ऑफर ठुकराकर IPL चुना। वह 1.50 करोड़ में CSK से जुड़े हैं। उन्हें चोटिल नाथन एलिस की जगह टीम में शामिल किया गया है।
चेन्नई: जब IPL और PSL एक ही समय पर होने वाले हों, तो खिलाड़ी किसे चुनेंगे? ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ने इसका जवाब दे दिया है। उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का फैसला किया है, और वो भी कम पैसों में।
PSL में उन्हें क्वेटा ग्लैडिएटर्स की तरफ से खेलने के लिए 1.87 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला था। वहीं, IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) उन्हें 1.50 करोड़ रुपये देगी। यानी जॉनसन ने IPL के लिए करीब 37 लाख रुपये कम लेना मंजूर कर लिया। जॉनसन ने 'निजी कारणों' का हवाला देकर PSL से अपना नाम वापस ले लिया था। इसके तुरंत बाद, CSK ने उन्हें चोटिल नाथन एलिस की जगह अपनी टीम में शामिल कर लिया। एलिस को 11 मार्च को एक घरेलू वनडे कप मैच के दौरान चोट लगी थी, जिसके चलते वह IPL से बाहर हो गए।
माना जा रहा है कि IPL का तगड़ा कॉम्पिटिशन और दुनिया भर में इसकी शोहरत ही जॉनसन के इस फैसले की बड़ी वजह है। इससे पहले वह गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेल चुके हैं। 2024 में उन्होंने गुजरात के लिए पांच मैचों में चार विकेट लिए थे।
हालांकि, जॉनसन CSK टीम से थोड़ी देर में जुड़ेंगे, इसलिए वह सीजन के शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। इससे पहले जब जॉनसन कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे, तब पीठ दर्द की वजह से उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। जॉनसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 5 वनडे और 8 टी20 मैच भी खेले हैं।


