IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला लीड्स में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल भारतीय युवा बल्लेबाजों के नाम रहा। ऋषभ पंत ने भी कमाल की पारी खेली और हिटमैन रोहित शर्मा का रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया।
Rishabh Pant Record: हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन भारतीय युवा बल्लेबाजों ने बल्ले से ऐसा जलवा बिखेरा कि अंग्रजी गेंदबाजों की शामत आ गई। यशस्वी जायसवाल से लेकर कप्तान शुभमन गिल ने ऐसी बल्लेबाजी करके दिखाई, कि दुनिया हैरान रह गई। रोहित शर्मा और विराट कोहली की अनुपस्थिति में ये बल्लेबाज योद्धा की तरह अंग्रेजों के सामने डट गए और हवा निकाल दी। एक तरफ जहां शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाकर विश्व क्रिकेट में सनसनी मचा दी, तो वहीं दूसरी ओर ऋषभ पंत ने भी बल्ले से शोर मचाया। उन्होंने भी अर्धशतकीय पारी खेली और हिटमैन रोहित का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
बीते 20 जून यानी शुक्रवार से भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स के मैदान पर शुरू हुआ। इस मैच में भारतीय कप्तान टॉस हार गए और बल्लेबाजी के लिए आए। सभी को यह डर लग रहा था कि कहीं नई सतह और नई गेंद टीम इंडिया के बल्लेबाजों के लिए काल न बन जाए। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ और उल्टा दांव अंग्रेजों पर ही भारी पड़ गया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट खोकर 359 रन बना लिए हैं। गिल 127* और पंत 65* बनाकर खेल रहे हैं। एक तरफ जहां गिल और जायसवाल के शतक की गूंज सुनाई दे रही थी, तो वहीं पंत ने भी माहौल बना दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ पंत ने लीड्स में दिखाया दम
ऋषभ पंत ने लीड्स में पहले दिन 65 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के मारे। वैसे तो ऋषभ आक्रमक शैली के बल्लेबाज माने जाते हैं, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी की और शुभमन गिल के साथ लंबी साझेदारी बनाई। इसी बीच पंत एक बड़ा रिकॉर्ड भी बना गए। उनके 2 छक्के लगते ही रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज हो गया। दरअसल, बाएं हाथ के ऋषभ 2 छक्के मारने के बाद अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम 61 इनिंग्स में 58 छक्के हो गए हैं।
ऋषभ पंत के 2 छक्कों ने तोड़ा हिटमैन शर्मा का रिकॉर्ड
इन 2 छक्कों के दम पर ऋषभ पंत WTC में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बने हैं। इस मामले में उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा को अब पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में कुल 56 छक्के मारे हैं। हालांकि, अब वो टेस्ट से रिटायर हो चुके हैं। ऐसे में पंत आगे ही रहेंगे। फिलहाल इस मामले में ऋषभ से आगे इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स हैं। स्टोक्स ने 96 टेस्ट पारियों में कुल 86 छक्के मारे हैं।