राजस्थान रॉयल्स जहां लगातार दो हार के बाद दबाव में है, वहीं LSG को आवेश खान की खराब फॉर्म और कमजोर होम रिकॉर्ड की चिंता सता रही है। आर्चर शानदार फॉर्म में हैं। सूखी पिच पर बड़ा स्कोर जरूरी होगा। अगर LSG पहले बल्लेबाजी करती है तो क्या 200 रन बना पाएगी, ये देखना दिलचस्प होगा। 

LSG vs RR Match Preview: आईपीएल 2026 के 32वें मैच में आज बुधवार 22 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होनेवाले इस मैच के लिए दोनों टीमें वेन्यू पर पहुंच चुकी हैं। टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि मैच की शुरुआत शाम साढ़े 7 बजे से होगी।

चार जीत के बाद Rajasthan Royals (RR) अचानक मुश्किल में आ गई है। टीम को लगातार दो बार अपेक्षाकृत कमजोर टीमों से हार का सामना करना पड़ा है। यह गिरावट नई नहीं है बल्कि एक पुराना पैटर्न दोहराती नजर आ रही है। 2024 सीजन में भी RR ने अपने पहले 9 मैचों में से 8 जीते थे, लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन बुरी तरह गिर गया। सीजन के आखिरी चरण में टीम लगातार 5 मैच हार गई, जिससे वे टॉप-2 में जगह नहीं बना पाए। आखिरकार उनका सफर IPL क्वालिफायर 2 में हार के साथ खत्म हुआ।

आवेश खान की फॉर्म चिंता का विषय, टीम पर बढ़ा दबाव

Avesh Khan अभी पीठ की चोट से उबर रहे हैं और अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नजर नहीं आ रहे। उनके प्रदर्शन में लगातार गिरावट दिख रही है। मैच के तीनों चरणों में उनकी इकॉनमी रेट 10 से ऊपर रही है, जिससे लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को पावरप्ले के बाद दबाव बनाने में दिक्कत हो रही है। जबकि पावरप्ले में उनकी गेंदबाजी यूनिट काफी मजबूत मानी जाती है। पिछले मैच में कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने उनके खिलाफ खुलकर रन बनाए। आवेश ने 3 ओवर में 46 रन दिए और कोई विकेट नहीं ले पाए। अब मयंक यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद आवेश पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव और बढ़ गया है।

जोफ्रा आर्चर का खतरनाक फॉर्म: लगातार तेज और असरदार गेंदबाजी

जोफ्रा आर्चर इस बार IPL में अपने सबसे खतरनाक रूप में दिख रहे हैं। वे लगातार 145 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं और किसी भी पिच पर बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। ईडन गार्डन्स में उन्होंने टिम शेफर्ट को मैच की पहली ही गेंद पर आउट किया, जो इस सीजन में तीसरी बार था जब उन्होंने पहली गेंद पर विकेट लिया। अब तक खेले गए 6 मैचों में से 5 में उन्होंने पावरप्ले में विकेट लिया है, जो उनकी शानदार फॉर्म को दिखाता है।

IPL 2026 के आंकड़े और रोचक तथ्य

  • LSG के निकोलस पूरन ने अब तक 6 पारियों में औसतन सिर्फ 8.5 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट (80) इस सीजन में 30 से ज्यादा गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे कम है।
  • रवि बिश्नोई (प्रिंस) पर्पल कैप की रेस में तीसरे स्थान पर हैं, उनके नाम 11 विकेट हैं। पावरप्ले में उनके 5 विकेट इस मैच में खेलने वाले गेंदबाजों में सबसे ज्यादा हैं।
  • अभिषेक शर्मा के बाद वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में 15 छक्के लगाए हैं, जो दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं।

क्या LSG बना पाएगी 200 रन? बड़ा सवाल

टीम के पिछले स्कोर को देखते हुए साफ है कि उन्हें जीतने के लिए ज्यादा बड़ा स्कोर बनाना होगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या LSG इन मुश्किल हालात में 200 रन का आंकड़ा पार कर पाएगी, या फिर एक और हार उनका इंतजार कर रही है?

LSG vs RR Pitch Report: बल्लेबाजों के लिए चुनौती

यह मुकाबला लाल मिट्टी वाली पिच पर खेला जाएगा। ऐसी पिचों पर आमतौर पर अच्छा उछाल और गेंद की स्पीड मिलती है, जिससे बल्लेबाजों को सावधानी से खेलना पड़ता है। हालांकि, तेज गर्मी की वजह से पिच काफी सूखी दिख रही है, जिससे बल्लेबाजी और मुश्किल हो सकती है। अब तक Lucknow Super Giants ने यहां दो मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 और 164 रन बनाए हैं, लेकिन दोनों मैच हार गए।

RR vs LSG Weather Condition: लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

लखनऊ में 22 अप्रैल को मौसम गर्म रहेगा। आसमान खुला रहने के साथ ही दिनभर धूप खिली रहने की संभावना है। दिन का तापमान 39°C तक जा सकता है। वहीं, शाम के सामय तापमान 30°C के आसपास रहने की संभावना है। लखनऊ में बारिश के आसार बिल्कुल भी नहीं हैं। लेकिन तेज और उमस भरी गर्मी खिलाड़ियों को परेशान कर सकती है।

लखनऊ सुपर जायंट्स (पॉसिबल प्लेइंग इलेवन)

ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), मिचेल मार्श, एडन मारक्रम, आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, मोहनिस खान और हिम्मत सिंह।

राजस्थान रॉयल्स (पॉसिबल प्लेइंग इलेवन)

रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा और यश पुंजा।