T20 World Cup Final के दौरान जब पूरा देश मैच देख रहा था, उसी समय टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी बहन और जीजा की कार हादसे में मौत हो गई, लेकिन इस खिलाड़ी ने शानदार पारी खेल टीम इंडिया की जीत में बड़ा योगदान दिया।
Ishan Kishan Family Tragedy: रविवार शाम पूरा हिंदुस्तान टी20 वर्ल्ड कप की जीत के जश्न में डूबा था, चारों तरफ आतिशबाजी हो रही थी, हर तरफ 'इंडिया-इंडिया' का शोर था, फैंस खुशी से झूम रहे थे, लेकिन उसी समय टीम इंडिया के बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) की जिंदगी में एक ऐसा दर्द था, जिसकी कल्पना भी मुश्किल है। एक तरफ अहमदाबाद के मैदान में वह देश के लिए खेल रहे थे, वहीं सैकड़ों किलोमीटर दूर सिलीगुड़ी (Siliguri) में उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
मैदान पर जश्न, घर में पसरा था सन्नाटा
रविवार की शाम ईशान किशन के करियर की सबसे बड़ी शाम थी। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 54 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस फिफ्टी ने टीम इंडिया को जीत की दहलीज पर खड़ा कर दिया। लेकिन सैकड़ों किलोमीटर दूर सिलीगुड़ी के एक मुर्दाघर (मर्चुरी) में ईशान के पिता प्रणव पांडे अपनों के शवों के पास खड़े थे।
एक भयानक हादसा और उजड़ गया परिवार
यह दुखद घटना शुक्रवार को हुई। ईशान की चचेरी बहन और उनके पति एक भीषण कार एक्सीडेंट का शिकार हो गए। हादसे में दोनों की जान चली गई। ईशान के पिता उस समय पटना एयरपोर्ट निकल रहे थे, ताकि अहमदाबाद जाकर बेटे का फाइनल मैच देख सकें, लेकिन इस खबर ने सब कुछ बदल दिया। उन्हें बेटे के पास जाने के बजाय सिलीगुड़ी के मुर्दाघर जाना पड़ा। जब बेटा देश को जीत दिला रहा था, तब पिता कानूनी कागजी कार्रवाई और अपनों को खोने के गम में डूबे थे।
एक्सीडेंट में ईशान के दीदी-जीजा के बच्चे बाल-बाल बचे
इस दर्दनाक एक्सीडेंट में जहां ईशान ने अपनी बहन और जीजा को खो दिया, वहीं कार में मौजूद उनके दो मासूम बच्चे (एक 6 साल का और दूसरा महज 3 महीने का) इस हादसे में सुरक्षित बच गए। सबसे बड़ी बात यह रही कि ईशान के पिता ने इस दुख को अपने बेटे के खेल पर हावी नहीं होने दिया। फाइनल की शाम पूरा परिवार दुख में था, लेकिन बेटे को परेशान नहीं होने दिया।
इसे भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: जीत के बाद भारत ने कुछ यूं मनाया जश्न, 10 PHOTO में देखें टीम इंडिया का CELEBRATION
इसे भी पढ़ें- T20 World Cup Champion 2026: न्यूजीलैंड को हरा टीम इंडिया ने बना डाले ये 10 बड़े रिकॉर्ड
