सार
मुंबई: आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के बाद ऑरेंज कैप की दौड़ में कोई बदलाव नहीं हुआ है। चेन्नई का कोई भी खिलाड़ी टॉप 10 में जगह नहीं बना पाया। राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल तीसरे स्थान पर हैं। 14 मैचों में जायसवाल ने 559 रन बनाए हैं। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने 36 रन बनाए थे। छह अर्धशतक लगा चुके जायसवाल का उच्चतम स्कोर 75 रन है। राजस्थान के मैच अब खत्म हो चुके हैं, इसलिए आगे के मैचों में दूसरी टीमों के खिलाड़ी आगे निकल सकते हैं।
12 मैच खेल चुके साई सुदर्शन 617 रन के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 156.99 और औसत 56.09 का है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 108 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। गुजरात के ही शुभमन गिल दूसरे स्थान पर हैं। साई से 18 रन पीछे गिल ने 12 मैचों में 601 रन बनाए हैं। दिल्ली के खिलाफ नाबाद 93 रन उनका उच्चतम स्कोर है। गिल का औसत 60.10 और स्ट्राइक रेट 115.696 है।
जायसवाल के बाद मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव चौथे स्थान पर हैं। 12 मैच खेलकर उन्होंने 510 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 58 रन है। अगर आज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो सूर्यकुमार अपनी रैंकिंग सुधार सकते हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विराट कोहली 11 मैचों में 505 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 73 रन है। गुजरात के जोस बटलर 500 रन के साथ छठे स्थान पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल सातवें स्थान पर हैं। गुजरात के खिलाफ शतक लगाने वाले राहुल ने अब तक 11 मैचों में 493 रन बनाए हैं।
राहुल के पास अपनी रैंकिंग सुधारने का मौका है क्योंकि 21 मई को दिल्ली का मुकाबला मुंबई से है। पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह 458 रन के साथ आठवें स्थान पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने वाले निकोलस पूरन और मिशेल मार्श टॉप 10 में वापसी कर चुके हैं। प्रभसिमरन के बाद पूरन 12 मैचों में 455 रन बनाकर नौवें स्थान पर हैं। उनका उच्चतम स्कोर 87 रन है। उनके साथी खिलाड़ी मिशेल मार्श 11 मैचों में 443 रन के साथ दसवें स्थान पर हैं।