IPL 2026 में 10 नए भारतीय खिलाड़ी चमकने को तैयार हैं। घरेलू T20 में शानदार प्रदर्शन के बाद, फ्रेंचाइजी ने इन्हें करोड़ों में खरीदा है। कार्तिक शर्मा, साहिल अरोड़ा और अकीब नबी जैसे युवा प्रतिभाओं पर सबकी नजरें रहेंगी।
बेंगलुरु: IPL 2026 को लेकर 10 ऐसे युवा भारतीय टैलेंट हैं, जिनसे काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। इन खिलाड़ियों ने घरेलू टी20 टूर्नामेंट्स में तहलका मचाकर फ्रेंचाइजी का ध्यान खींचा और करोड़ों रुपए में बिके हैं। ये सभी पहली बार IPL में खेलने के लिए बेहद उत्साहित हैं। फैंस को इन पर पैनी नजर रखनी चाहिए।
IPL 2026 में इन 10 खिलाड़ियों पर होगी सबसे ज्यादा नजर
1. आर. स्मरण, सनराइजर्स हैदराबाद
पिछले साल सनराइजर्स ने उन्हें एडम जम्पा की जगह टीम में लिया था। लेकिन, चोट की वजह से वो खेल नहीं पाए। इस साल ऑक्शन से पहले ही सनराइजर्स ने कर्नाटक के इस लेफ्टी बैटर, रविचंद्रन स्मरण, को रिटेन कर लिया। इस घरेलू सीजन में उन्होंने रनों का अंबार लगाया है। टी20 में उनका स्ट्राइक रेट 163 का है।
2. कार्तिक शर्मा, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)
राजस्थान के 19 साल के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को CSK ने मिनी ऑक्शन में पूरे ₹14.20 करोड़ में खरीदा है। ये अपनी विस्फोटक बैटिंग से गेंद की 'शक्ल' बिगाड़ने का दम रखते हैं। चेन्नई के लिए ये एक लॉन्ग-टर्म प्लेयर साबित हो सकते हैं। इन्होंने रणजी और लिस्ट 'ए' दोनों के डेब्यू मैच में सेंचुरी ठोकी थी। इन्हें 'सिक्स मशीन' भी कहा जाता है।
3. साहिल अरोड़ा, सनराइजर्स हैदराबाद
पंजाब के इस बैटिंग टैलेंट ने हाल ही में मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ सिर्फ 45 गेंदों में 125 रन ठोक दिए थे। टूर्नामेंट की सिर्फ 8 पारियों में उन्होंने 198 के स्ट्राइक रेट से 358 रन बनाए। सनराइजर्स ने साहिल अरोड़ा को ₹1.5 करोड़ में खरीदा। अभी हाल ही में सनराइजर्स के एक प्रैक्टिस मैच में उन्होंने 5 गेंदों पर 5 छक्के भी जड़े।
4. तेजस्वी दहिया, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
मनमर्जी छक्के जड़ने वाले दिल्ली के विकेटकीपर-बल्लेबाज तेजस्वी सिंह दहिया को KKR ने ₹3 करोड़ में खरीदा है। दिल्ली प्रीमियर लीग टी20 में उन्होंने 190 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 339 रन बनाए थे। उनके बल्ले से पूरे 29 छक्के निकले थे। ऑक्शन में तेजस्वी को खरीदने के लिए कई टीमों में होड़ मची थी।
5. दानिश मालेवार, मुंबई इंडियंस
विदर्भ के दानिश विष्णु मालेवार ने अब तक एक भी प्रोफेशनल टी20 मैच नहीं खेला है। उन्होंने अपने राज्य के लिए सिर्फ 15 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं। लेकिन मुंबई इंडियंस ने उनके टैलेंट को पहचानकर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में डबल सेंचुरी जड़ने वाले दानिश अब टी20 में भी धमाल मचाने का इंतजार कर रहे हैं।
6. बृजेश शर्मा, राजस्थान रॉयल्स
जम्मू-कश्मीर के रहने वाले और अब बंगाल से क्रिकेट खेलने वाले तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा को राजस्थान ने ₹30 लाख में खरीदा। जब टीम में उनका सिलेक्शन हुआ, तब तक उन्होंने बंगाल के लिए किसी भी फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया था। बंगाल टी20 लीग में उनके प्रदर्शन को देखकर राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें मौका दिया।
7. मंगेश यादव, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
₹5.2 करोड़ में RCB टीम में शामिल हुए मंगेश यादव से काफी उम्मीदें हैं। उन्हें टीम में यश दयाल वाला रोल निभाना पड़ सकता है। मध्य प्रदेश टी20 लीग में इस लेफ्ट-आर्म फास्ट बॉलर ने शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके बाद ऑक्शन में उन पर जमकर बोली लगी। 7 साल पहले जो मंगेश पैसों के लिए टेनिस बॉल टूर्नामेंट खेलते थे, आज उनके पास RCB का स्टार बनने का मौका है। वो 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक सकते हैं।
8. प्रशांत वीर, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)
CSK के 'अगले रवींद्र जडेजा' कहे जा रहे प्रशांत वीर को ऑक्शन में ₹14.2 करोड़ मिले। लेफ्ट-हैंड बैटर और लेफ्ट-आर्म स्पिनर, प्रशांत ने BCCI के जूनियर टूर्नामेंट्स में शानदार खेल दिखाया है। अगर वो अपनी काबिलियत के हिसाब से खेले, तो चेन्नई टीम में लंबे समय तक टिक सकते हैं। यूपी टी20 लीग में उन्होंने 320 रन बनाने के साथ 8 विकेट भी लिए थे।
9. मुकुल चौधरी, लखनऊ सुपर जायंट्स
घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल चौधरी का टी20 में स्ट्राइक रेट 166 का है। 2025-26 की मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में उन्होंने 5 पारियों में 198 के स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए थे। ऑक्शन में लखनऊ ने उन्हें ₹2.6 करोड़ में खरीदा।
10. अकीब नबी, दिल्ली कैपिटल्स
इस वक्त भारतीय तेज गेंदबाजों में अकीब नबी का नाम काफी चर्चा में है। हाल ही में रणजी ट्रॉफी में वो अपनी स्विंग गेंदबाजी से छा गए थे। ऑक्शन में दिल्ली ने उन्हें ₹8.4 करोड़ में खरीदा। वो जम्मू-कश्मीर के लिए 34 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 7.74 की शानदार इकॉनमी रेट से 43 विकेट लिए हैं।


