जिम्बाब्वे पर 72 रनों की बड़ी जीत के बावजूद, भारत नेट रन रेट में वेस्टइंडीज से पीछे रह गया। शिवम दुबे की महंगी गेंदबाजी के कारण टीम जरूरी NRR हासिल नहीं कर सकी। अब वेस्टइंडीज से अगला मैच सेमीफाइनल के लिए एक वर्चुअल क्वार्टर-फाइनल है।
चेन्नई: जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रनों की बड़ी जीत के बावजूद टीम इंडिया सुपर 8 पॉइंट्स टेबल में वेस्टइंडीज को पीछे नहीं छोड़ पाई. दरअसल, साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद भारत का नेट रन रेट (NRR) काफी नीचे चला गया था. इसे सुधारने के लिए भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ 108 रनों से ज्यादा के अंतर से जीतना था. क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर टीम इंडिया जिम्बाब्वे को 148 रनों के अंदर रोक लेती, तो भी NRR में वेस्टइंडीज से आगे निकल जाती. लेकिन ऐसा हो नहीं सका.
भारत की इस बड़ी जीत पर पानी फेरने का काम किया शिवम दुबे के दो ओवरों ने. इन दो ओवरों में दुबे ने 46 रन लुटा दिए. उन्होंने 2 नो-बॉल और 4 वाइड भी फेंकी. अपने पहले ओवर में उन्होंने 26 और दूसरे में 20 रन दिए. इसके साथ ही दुबे के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी जुड़ गया. वह वर्ल्ड कप मैच के पहले दो ओवरों में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
कप्तान सूर्यकुमार का एक फैसला भी टीम पर भारी पड़ा. जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या का एक-एक ओवर बाकी था, फिर भी आखिरी ओवर शिवम दुबे को दिया गया. हालांकि, इस ओवर में संजू सैमसन के एक शानदार कैच की बदौलत दुबे को एक विकेट जरूर मिला, लेकिन उन्होंने 20 रन खर्च कर दिए. रियान बेनेट की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने जिम्बाब्वे का स्कोर 184 तक पहुंचा दिया और भारत के हाथ से NRR में वेस्टइंडीज को पछाड़ने का मौका फिसल गया.
इस 72 रनों की जीत के बाद दो मैचों में एक जीत के साथ भारत का नेट रन रेट अभी भी -0.100 है. वहीं, साउथ अफ्रीका से बुरी तरह हारने के बावजूद वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +1.791 है.
अब भारत का अगला और आखिरी मुकाबला रविवार को वेस्टइंडीज से होगा. यह मैच दोनों टीमों के लिए एक तरह से क्वार्टर फाइनल जैसा है. जो भी टीम जीतेगी, वह साउथ अफ्रीका के बाद दूसरे नंबर पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. लेकिन यहां एक पेंच है. अगर बारिश या किसी और वजह से मैच रद्द हो जाता है और दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट मिलता है, तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.


