IND vs ZIM Today Match Pitch Report: टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8 में आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह 'करो या मरो' मैच है। पढ़िए पिच रिपोर्ट, वेदर अपडेट और संभावित प्लेइंग XI…

India Vs Zimbabwe Match Preview: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में आज भारत के लिए बहुत बड़ा दिन है। शाम 7 बजे चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की टीम आमने-सामने होंगी। टॉस 6:30 बजे होगा। सुपर-8 की शुरुआत दोनों टीमों के लिए अच्छी नहीं रही। भारत को अपने पिछले मैच में हार मिली, वहीं जिम्बाब्वे भी पिछला मुकाबला गंवा चुका है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह 'करो या मरो' वाला मैच है। भारत के लिए बड़े अंतर जीत बेहद जरूरी है। क्योंकि हार हुई तो सेमीफाइनल का सपना टूट सकता है। इस मुकाबले से पहले आइए जानते हैं चेपॉक की पिच कैसी है, यहां कितना स्कोर सेफ रहेगा, संभावित प्लेइंग-11 क्या होगी, कौन प्लेयर चल सकता है और मौसम कैसा रहेगा...

IND vs ZIM: चेपॉक की पिच क्या कहती है?

चेपॉक की पिच आम तौर पर स्पिनर्स की दोस्त मानी जाती है, लेकिन इस बार नई सतह तैयार की गई है। गेंद थोड़ा अच्छा उछाल ले रही है और रन भी बन रहे हैं। इस टूर्नामेंट में यहां 170 से ऊपर के स्कोर लगातार बने हैं। पहले बैटिंग करने और बाद में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम दोनों को यहां बराबर मौके मिले हैं। मतलब इस मैच में टॉस तो अहम होगा, लेकिन मैच सिर्फ टॉस से तय नहीं होगा।

चेपॉक की पिच पर हाईएस्ट स्कोर कितना है?

चेपॉक में अब तक खेले गए कुल 9 टी20 में चेज करने वाली टीम 5 बार और पहले बैटिंग करने वाली टीम 4 बार जीती है। यहां का सबसे बड़ा स्कोर इसी वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने कनाडा के खिलाफ चार विकेट खोकर 200 रन बनाए। इंडियन टीम यहां तीन मैच खेली है, जिसमें दो बार जीत हासिल हुई है।

भारत के लिए कौन से प्लेयर बन सकते हैं मैच विनर?

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) इस टूर्नामेंट में अच्छी लय में दिखे हैं। उनसे फिर एक बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। ईशान किशन भी तेज शुरुआत दे सकते हैं। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती स्पिन का जिम्मा संभालेंगे, जबकि जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और अर्शदीप सिंह पर डेथ ओवर की जिम्मेदारी होगी।

जिम्बाब्वे को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी

जिम्बाब्वे की तरफ से कप्तान सिकंदर रजा (Sikandar Raza) अनुभवी खिलाड़ी हैं और बड़े मैच में असर डाल सकते हैं। ब्रायन बेनेट इस टूर्नामेंट में रन बना रहे हैं। ब्लेसिंग मुजरबानी नई गेंद से खतरा बन सकते हैं।

भारत बनाम जिम्बाब्वे: हेड टू हेड क्या कहता है?

अब तक दोनों टीमों के बीच टी20 में भारत का पलड़ा भारी रहा है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 13 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें से भारत 10 बार जीता है, जबकि जिम्बाब्वे सिर्फ 3 बार ही जीत सकी है। चेन्नई में आज दोनों के बीच 14वां मुकाबला खेला जाएगा।

IND vs ZIM: मौसम कैसा रहेगा?

चेन्नई में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की आशंका नहीं है। मैदान पर हल्की गर्मी रहेगी, लेकिन बारिश की वजह से खेल रुकने वाला नहीं है। मतलब फैंस को पूरा मैच देखने को मिलेगा। यहां का तापमान 24 से लेकर 32 डिग्री सेल्शियस तक रहने का अनुमान है।

India Vs Zimbabwe Match Today: संभावित प्लेइंग XI

भारत

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती

जिम्बाब्वे

तदिवानाशे मारुमनी, ब्रायन बेनेट, सिकंदर रजा (कप्तान), डायन मायर्स, ताशिंगा मुसेकिवा, रायन बर्ल, ब्रैड इवांस, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, ग्रीम क्रेमर और टोनी मुनयोंगा।

इसे भी पढ़ें-IND vs ZIM: क्या जीतकर भी सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा भारत? SA की हार से बनेगा खतरनाक समीकरण

इसे भी पढ़ें- India Semi Final Chances: इन 2 टीमों की बैसाखी के सहारे ही सेमीफाइनल में पहुंचेगा भारत, जानें कैसे?