सार

Panchak April 2025: इस बार अप्रैल 2025 में अग्नि पंचक का संयोग बन रहा है। इस पंचक में अग्नि से जुड़ी दुर्घटना होने का भय रहता है। इसलिए इस दौरान अग्नि से जुड़े काम बहुत ही सावधानी से करने चाहिए।

 

Panchak April 2025: ज्योतिष शास्त्र में पंचक के बारे में बताया गया है, जिसके बारे में हम सभी ने कभी न कबी जरूर सुना होगा। आमतौर पर लोग इसे अशुभ समय मानते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। इस दौरान कुछ शुभ कार्य भी किए जा सकते हैं। इस बार अप्रैल 2025 में अग्नि पंचक का संयोग बन रहा है। इस पंचक के दौरान अग्नि से संबंधित घटनाएं होना का भय बना रहता है। इसलिए अग्नि पंचक में आग से जुड़े काम बहुत ही सावधानी से करने चाहिए। आगे जानिए कब से शुरू होगा अग्नि पंचक…

अप्रैल 2025 में कब से शुरू होगा अग्नि पंचक?

पंचांग के अनुसार, पंचक 5 नक्षत्रों का एक समूह है, जो धनिष्ठा से शुरू होकर रेवती नक्षत्र तक रहता है। इस बार पंचक 22 अप्रैल, मंगलवार की रात 07 बजकर 52 मिनिट से शुरू होगा, जो 26 अप्रैल, शनिवार की रात 2 बजकर 39 मिनिट तक रहेगा। इन 5 दिनों में पंचक का प्रभाव बना रहेगा।

क्यों पड़ा इस पंचक का नाम अग्नि?

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, पंचक जिस वार से शुरू होता है उसी के अनुसार, उसका नाम होता है। जो पंचक रविवार से शुरू होता है उसे रोग पंचक कहते हैं। सोमवार से शुरू होने वाले पंचक को राज पंचक कहते हैं। इसी तरह मंगलवार से शुरू होने वाले पंचक को अग्नि पंचक कहते हैं। इस बार पंचक की शुरूआत मंगलवार से हो रही है, इसलिए ये अग्नि पंचक कहलाएगा।

पंचक में कौन-से काम न करें?

1. पंचक में घर की छत नहीं बनवानी चाहिए, नहीं तो उसमें रहने वाले लोग परेशान रहते हैं।
2. पंचक में ज्वलनशील पदार्थ इकट्ठा न करें, इससे आग लगने का भय रहता है।
3. पंचक में दक्षिण दिशा की यात्रा न करें। इससे परेशानी होती है।
4. पंचक में लकड़ी का सामान, फर्नीचर आदि खरीदना या बनवाना नहीं चाहिए।
5. पंचक में किसी की मृत्यु हो जाए तो किसी विद्वान की सलाह लेकर ही अंतिम संस्कार करना चाहिए।

अग्नि पंचक में इन कामों में मिलती है सफलता

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अग्नि पंचक के दौरान कोर्ट-कचहरी से जुड़े काम करना शुभ रहता है। इस समय किए गए इन कामों में सफलता मिलने की संभावना बहुत अधिक रहती है। इसके अलावा इस पंचक में विवाह, गृह प्रवेश आदि शुभ कार्य भी किए जा सकते हैं।

 

Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो ज्योतिषियों द्वारा बताई गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।