- Home
- Religion
- Spiritual
- Hariyali Teej 2025: कब है हरियाली तीज, क्यों मनाते हैं? जानें पूजा विधि, मंत्र और मुहूर्त
Hariyali Teej 2025: कब है हरियाली तीज, क्यों मनाते हैं? जानें पूजा विधि, मंत्र और मुहूर्त
Hariyali Teej 2025 Date: हरियाली तीज महिलाओं का प्रमुख त्योहार है, जो हर साल सावन मास में मनाया जाता है। मान्यता है कि हरियाली तीज व्रत करने से कुंवारी लड़कियों को मनचाहा जीवनसाथी और सुहागिन महिलाओं को अंखड सौभाग्य मिलता है।
- FB
- TW
- Linkdin
Follow Us

जानें हरियाली तीज से जुड़ी हर बात
Hariyali Teej 2025 Details: धर्म ग्रंथों के अनुसार, सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज का पर्व मनाया जाता है। इसे मधुश्रवा तीज भी कहते हैं। इस व्रत का महिलाओं को बहुत ही बेसब्री से इंतजार रहता है। कुंवारी लड़कियां ये व्रत मनचाहे जीवनसाथी के लिए करती हैं, वहीं सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और घर की सुख-समृद्धि के लिए ये व्रत करती हैं। आगे जानिए 2025 में कब है हरियाली तीज, ये पर्व क्यों मनाते हैं, पूजा विधि, मंत्र और मुहूर्त की डिटेल…
कब है हरियाली तीज 2025? (Hariyali Teej Kab Hai)
पंचांग के अनुसार, सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 26 जुलाई, शनिवार की रात 10 बजकर 42 मिनिट से शुरू होगी जो 27 जुलाई, रविवार की रात 10 बजकर 42 मिनिट तक रहेगी। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. प्रवीण द्विवेदी के अनुसार, चूंकि तृतीया तिथि का सूर्योदय 27 जुलाई को होगा, इसलिए इसी दिन हरियाली तीज का पर्व मनाया जाएगा।
क्यों मनाते हैं हरियाली तीज? (Hariyali Teej Kyo Manate Hai)
धर्म ग्रंथों के अनुसार, देवी पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए घोर तपस्या की। प्रसन्न होकर भगवान शिव प्रकट हुए और देवी पार्वती की मनोकामना पूरी होने का वरदान दिया। जिस दिन भगवान शिव ने देवी पार्वती को पत्नी रूप में स्वीकार करने का वरदान दिया, उस दिन सावन शुक्ल तृतीया तिथि थी। तभी से ये पर्व हरियाली तीज के रूप में मनाया जा रहा है।
हरियाली तीज 2025 शुभ योग (Hariyali Teej 2025 Shubh Yog)
हरियाली तीज पर्व 27 जुलाई को मनाया जाएगा। इस दिन गुरु और शुक्र मिथुन राशि में रहेंगे, जिससे गजलक्ष्मी राजयोग बनेगा, वहीं कर्क राशि में सूर्य और बुध की युति होने से बुधादित्य नाम का राजयोग भी बनेगा। इन शुभ योगों के चलते हरियाली तीज पर्व का महत्व और भी बढ़ गया है। इनके अलावा इस दिन वरियान, परिघ और छत्र नाम के 3 अन्य शुभ योग भी रहेंगे।
हरियाली तीज 2025 पूजा मुहूर्त (Hariyali Teej 2025 Puja Muhurat)
सुबह 07:37 से 09:16 तक
सुबह 09:16 से 10:54 तक
दोपहर 12:07 से 12:59 तक (अभिजीत मुहूर्त)
दोपहर 02:11 से 03:50 तक
हरियाली तीज पूजा विधि (Hariyali Teej Puja Vidhi)
हरियाली तीज पर भगवान शिव के साथ देवी पार्वती की पूजा भी की जाती है। शुभ मुहूर्त में एक साफ स्थान पर शिव-पार्वती की तस्वीर स्थापित कर फूलों की माला पहनाएं। कुंकुम से तिलक लगाएं। शुद्ध घी का दीपक लगाएं। अबीर, गुलाल, रोली आदि चीजें चढ़ाएं। बिल्व पत्र, धतूरा, आंकड़ा ये भी अर्पित करें। मन ही मन ऊं नम: शिवाय मंत्र का जाप करते रहें। भगवान शिव को सफेद वस्त्र और देवी पार्वती को सुहाग का सामान चढ़ाएं। अंत में आरती करें।
हरियाली तीज पर महिलाएं क्या करें-क्या नहीं? (Hariyali Teej Par Kya Kare-Kya Nahi)
1. हरियाली तीज पर महिलाएं काले कपड़े न पहनें। शुभ मौके पर काले रंग अशुभ माना जाता है।
2. इस दिन महिलाएं किसी की बुराई न करें, क्रोध न करें और न ही किसी के प्रति गलत विचार मन में लाएं।
3. हरियाली तीज पर यदि कोई भिक्षुक भोजन की इच्छा से घर आ जाए तो इसे खाली हाथ न लौटाएं।
4. इस दिन महिलाएं अपने पति में भगवान की भावना कर उन्हें प्रसन्न रखे, यानी कटु शब्द न बोलें।
5. हरियाली तीज पर व्रत के नियमों का पूरी श्रद्धा और विश्वास से पालन करें।
Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।