चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस बार के चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने आचार संहिता उल्लंघन का पहला नोटिस AAP को थमाया है। यह नोटिस पार्टी संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के खरड़ में डोर-टू-डोर कैंपेन पर जारी किया गया है। आयोग ने उनसे 24 घंटे में जवाब देने को कहा है। बता दें कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने 15 जनवरी तक राजनीतिक दलों को किसी भी रैली या नुक्कड़ सभा करने पर रोक लगाई थी।
केजरीवाल के पंजाब दौरे के दूसरा दिन
चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को नोटिस डोर-टू-डोर कैंपेन में 5 से अधिक लोगों के शामिल होने के बाद किया है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल दो दिन के पंजाब दौरे पर हैं। बुधवार को मोहाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद उन्होंने खरड़ में पार्टी के डोर-टू-डोर प्रचार की शुरुआत की। पार्टी कैंडिडेट अनमोल गगन मान के लिए घर-घर जाकर प्रचार किया। इस मौके पर पंजाब प्रधान भगवंत मान भी उनके साथ थे।
कांग्रेस का तीखा हमला
वहीं केजरीवाल के डोर-टू-डोर प्रचार पर कांग्रेस ने तीखा हमला किया है। चन्नी सरकार के मंत्री राजकुमार वेरका ने कहा कि केजरीवाल जब भी आते हैं, पंजाब में कोरोना फैलाकर चले जाते हैं। केजरीवाल पहले भी आए थे और उन्हें खुद भी कोरोना हुआ है। चुनाव आयोग ने कहा है कि 15 जनवरी तक कोई भी राजनीतिक पार्टी प्रचार न करे। उन्होंने चुनाव आयोग से केजरीवाल पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की। बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने पटियाला में शांति मार्च निकाला था, तो उसी दिन वहां कोरोना ब्लास्ट हो गया। इसके बाद दिल्ली पहुंचकर केजरीवाल खुद भी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे।
क्या है चुनाव आयोग की गाइडलाइन
पंजाब में 14 फरवरी को मतदान होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी। चुनाव आयोग ने बीते शनिवार को चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए 15 जनवरी तक सभी तरह की रैलियों पर रोक लगा दिया था। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) सुशील चंद्रा ने कहा कि राजनीतिक दलों को सुझाव है कि वह अपना कैंपेन डिजिटल तरीके से करें। उन्होंने कहा कि इसके बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी और नए निर्देश जारी किए जाएंगे, तब तक कोई पद यात्रा, साइकिल यात्रा या रोड शो नहीं होगा। चुनाव आयोग ने कहा था कि रात 8 बजे से सुबह 8 बजे के बीच कोई सभा नहीं होगी। सार्वजनिक सड़कों पर कोई नुक्कड़ सभा नहीं होगी। चुनाव नतीजों के बाद कोई विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा। आगे स्थिति की समीक्षा के बाद ही चुनाव प्रचार के लिए राज्यों में कोविड से संबंधित दिशानिर्देश के अनुसार कार्यक्रमों की अनुमति दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें-Punjab Election 2022: सिद्धू के बाद अरविंद केजरीवाल भी लाए पंजाब मॉडल, 24 घंटे मुफ्त बिजली, नशा मुक्त का वादा
इसे भी पढ़ें-Punjab Election 2022 : चंडीगढ़ पहुंचे अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस सरकार को घेरा, CM फेस पर कही ये बड़ी बात