मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में छात्रवृत्ति योजनाएं जरूरतमंद विद्यार्थियों के सपनों को साकार कर रही हैं। छात्रवृत्ति से पढ़ाई पूरी कर नौकरी पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने योजना को अपनी सफलता की मजबूत नींव बताया।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाएं हजारों जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इन योजनाओं के जरिए छात्र-छात्राएं न केवल अपनी पढ़ाई पूरी कर पा रहे हैं, बल्कि रोजगार के क्षेत्र में भी सफलता हासिल कर रहे हैं।

छात्रवृत्ति से सफल हुए विद्यार्थियों का सम्मान

इसी क्रम में रविवार को छात्रवृत्ति का सदुपयोग कर शिक्षा और रोजगार में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिवम चंद्र, श्रुति शुक्ला, अंकित यादव, सौमित्र यादव, मोहम्मद अनस अहमद और शुभम कुमार को सम्मान प्रदान किया गया। इन विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

छात्रवृत्ति योजना को बताया सफलता की मजबूत नींव

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। सभी छात्रों ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना उनकी पढ़ाई और करियर का महत्वपूर्ण आधार बनी और इससे उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला।

छात्रवृत्ति से पढ़ाई पूरी कर कंप्यूटर सहायक बनीं श्रुति शुक्ला

सम्मानित छात्रा श्रुति शुक्ला ने बताया कि यह दिन उनके और उनके परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने वर्ष 2020 में अटल बिहारी वाजपेई नगर निगम डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई के दौरान सरकार से मिली छात्रवृत्ति ने उन्हें आर्थिक सहयोग दिया, जिससे वे बिना किसी बाधा के शिक्षा पूरी कर सकीं। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम में कंप्यूटर सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण विभाग को दिया।

छात्रवृत्ति से पूरा हुआ इंजीनियर बनने का सपना

सम्मानित छात्र अंकित यादव ने अपनी संघर्ष यात्रा साझा करते हुए बताया कि वे वर्तमान में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।

मध्यमवर्गीय परिवार से आने के कारण आर्थिक चुनौतियां थीं, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति योजना उनके लिए सबसे बड़ा सहारा बनी। इसी सहयोग से वे आज अपने सपनों को साकार कर पाए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को प्रदान किए छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निम्न छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए-

  • सुहानी जायसवाल
  • उदित किशन
  • उदित राज
  • रूपाली साहू
  • शौर्य सिंह
  • इशिका गुप्ता
  • अनूप सिंह
  • रुकैया
  • अमित कुमार
  • आदित्य कुमार