अमेरिका में एक लड़के ने अपने मां-बाप पर ही केस कर दिया. उसका आरोप है कि 'गेलॉर्ड' नाम की वजह से उसे बहुत बेइज्जती और मानसिक तकलीफ झेलनी पड़ी. उसने हर्जाने के तौर पर 1.50 लाख डॉलर की मांग की है.
कहते हैं नाम में क्या रखा है, लेकिन कभी-कभी नाम ही सारी मुसीबत की जड़ बन जाता है। अगर आपका नाम थोड़ा अजीब हो, तो ये आपके लिए मानसिक परेशानी और सिरदर्द का कारण बन सकता है। ऐसा ही कुछ एक लड़के के साथ हुआ, जिसे अपने मां-बाप का दिया नाम इतना बुरा लगा कि वो सीधा कोर्ट पहुंच गया। आमतौर पर बच्चे जब पैदा होते हैं, तो अपना नाम खुद नहीं चुन सकते। हां, बड़े होने पर अगर उन्हें अपना नाम पसंद न आए, तो वे कानूनी प्रक्रिया के जरिए इसे बदलवा सकते हैं। लेकिन यहां तो एक लड़के ने अपने मां-बाप पर ही केस कर दिया और उनसे 1.50 लाख डॉलर (करीब 1.25 करोड़ रुपये) का हर्जाना भी मांग लिया।
खराब नाम रखने पर मां-बाप के खिलाफ कोर्ट पहुंचा बेटा
यह अजीबोगरीब घटना अमेरिका के मिसौरी राज्य के स्प्रिंगफील्ड शहर की है। यहां के एक 19 साल के लड़के ने आरोप लगाया कि उसके मां-बाप ने बचपन में उसका जो नाम रखा, उसकी वजह से उसे भारी नुकसान और बेइज्जती झेलनी पड़ी है। लड़के ने कोर्ट में याचिका दायर कर 1.50 लाख डॉलर के मुआवजे की मांग की।
तो आखिर क्या था लड़के का नाम?
कोर्ट में दर्ज मामले के मुताबिक, लड़के के मां-बाप ने उसका नाम 'गेलॉर्ड थॉमसन' (Gaylord Thomson) रखा था। लड़के का कहना है कि इस नाम की वजह से उसे सालों तक भावनात्मक पीड़ा झेलनी पड़ी। स्कूल-कॉलेज में उसके दोस्त और सहपाठी लगातार उसका मजाक उड़ाते थे। यहां तक कि क्लास में जब टीचर अटेंडेंस लेते समय उसका नाम पढ़ते, तो कुछ पल के लिए हैरान हो जाते थे। उन्हें लगता था कि यह कोई मजाक है। इस वजह से उसकी पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ा। यह लड़का किकापू हाई स्कूल (Kickapoo High School) में सीनियर स्टूडेंट था।
बेटे ने मांगा 1.25 करोड़ रुपये का हर्जाना
लड़के ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता एक अच्छा नाम चुनने में नाकाम रहे, खासकर आज के सामाजिक माहौल को देखते हुए। उस समय लड़के के पिता ट्रक ड्राइवर थे और मां एक चर्च में सेक्रेटरी का काम करती थीं। उन्होंने कोर्ट में बताया कि उन्होंने अपने बेटे का नाम उसके दादा के नाम पर सम्मान में रखा था। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह नाम आगे चलकर इतनी बड़ी मुसीबत खड़ा कर देगा। हालांकि यह घटना कुछ साल पुरानी है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रही है और लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।
'गेलॉर्ड' शब्द का मतलब क्या है?
असल में 'गेलॉर्ड' फ्रांसीसी/सेल्टिक मूल का एक पुरुष नाम है, जिसका मतलब होता है 'उत्साही' या 'खुशमिजाज भगवान'। लेकिन समय के साथ इस शब्द का मतलब बदल गया। आज की भाषा में 'गे' (Gay) का मतलब समलैंगिक होता है। इसलिए 'गेलॉर्ड' का मतलब 'समलैंगिक भगवान' निकाला जाने लगा। समाज में समलैंगिकों को अलग नजर से देखा जाता है, जिस वजह से यह नाम लोगों का ध्यान खींचता है और जिसका यह नाम हो, उसे मजाक का पात्र बनना पड़ता है।
