सोशल मीडिया पर एक छात्र की आंसर शीट वायरल है। उसने अपनी गर्लफ्रेंड की शर्त पूरी करने के लिए टीचर से पास करने की गुहार लगाई और कॉपी में 500 रुपये का नोट भी रखा।
परीक्षा की कॉपी और भगवान के सामने रखी जाने वाली अर्जियां कभी-कभी बहुत मजेदार होती हैं। भक्त भगवान के सामने अपनी इच्छाएं रखते हैं, ये तो आम बात है। लेकिन कभी-कभी लोग मंदिर की दान-पेटी में ऐसी चिट्ठियां भी डालते हैं, जैसे- 'सास को बीमार कर दो', 'घरवालों को अक्ल दे दो', 'एग्जाम में पास करा दो' या 'मेरी गर्लफ्रेंड मुझसे प्यार करने लगे'। ठीक इसी तरह, कई बार छात्र भी अपनी एग्जाम की कॉपी में पास करने के लिए तरह-तरह की मिन्नतें करते हैं।
लेटर हुआ वायरल
ऐसी ही एक आंसर शीट अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इसमें एक आशिक ने कॉपी जांचने वाले टीचर के नाम एक खत लिखा है। उसने टीचर से पास करने की गुजारिश की है। लेकिन उसने जो वजह बताई है, वो इतनी मजेदार है कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।
'पैर पड़ता हूं सर'
इस छात्र ने लिखा, "सर जी/मैडम जी। आपके पैर पड़ता हूं। मेरी लव स्टोरी आपके हाथ में है। अगर मैं पेपर में पास हो गया, तभी वो मुझसे प्यार करेगी, ऐसा मेरी गर्लफ्रेंड ने कहा है। ये 500 रुपये रखकर चाय पी लीजिए सर, पर मुझे पास कर दीजिए।" लड़के की गर्लफ्रेंड ने शर्त रखी है कि अगर वो परीक्षा में पास होगा, तभी वह उससे प्यार करेगी। इसीलिए इस बंदे ने आंसर शीट में 500 रुपये का नोट रखकर कॉपी जांचने वाले से चाय पीने और उसे पास करने की अपील की है।
कमेंट्स की बाढ़
जैसे ही इसकी फोटो वायरल हुई, इस पर तरह-तरह के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कई लोग कह रहे हैं कि छात्र की गुजारिश मान लेनी चाहिए। एक यूजर ने लिखा, "अगर उसे पास कर दिया तो एक जान बचाने का पुण्य मिलेगा।" वहीं दूसरे ने लिखा, "दो प्यार करने वालों को मिलाने का पुण्य मिलेगा।" इस पोस्ट को vijayapur_le_dosta नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया है।
