सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक छोटी लड़की स्मार्टफोन के अचानक फटने से बाल-बाल बची। बताया जा रहा है कि वह फोन पर गेम खेल रही थी। इस घटना ने स्मार्टफोन बैटरी सेफ्टी और ओवरहीटिंग के खतरों पर नई बहस छेड़ दी है।
Shocking Viral Video: सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक छोटी लड़की स्मार्टफोन के अचानक फटने से गंभीर रूप से घायल होने से बाल-बाल बची। बताया जा रहा है कि यह घटना चीन की है। यह वीडियो दिखाता है कि अगर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में कोई खराबी आ जाए, तो रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले गैजेट भी कितनी जल्दी खतरनाक बन सकते हैं।
सोफे पर गेम खेल रही थी बच्ची, अचानक हुआ धमाका
सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रही इस छोटी क्लिप में देखा जा सकता है कि एक छोटी लड़की घर में सोफे पर बैठकर आराम से स्मार्टफोन पर गेम खेल रही है। वीडियो के शुरुआती कुछ सेकंड तक सब कुछ बिल्कुल सामान्य लगता है। बच्ची पूरी तरह फोन की स्क्रीन पर ध्यान लगाए हुए है और उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं होता कि अगले ही पल कुछ खतरनाक होने वाला है।
फोन फटते ही निकली आग, घबराकर भागी लड़की
अचानक फोन में जोरदार धमाका होता है और डिवाइस से आग की लपटें निकलने लगती हैं। धमाके से लड़की घबरा जाती है और फोन को दूर फेंक फटाफट वहां से भागती है। इस हादसे में मासूम बच्ची बाल-बाल बची, वरना उसकी आंखों की रोशनी भी जा सकती थी।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की स्मार्टफोन पर गेम खेल रही थी, तभी डिवाइस में अचानक आग लग गई। करीब 10 सेकंड के इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज़ मिल चुके हैं और कई लोग इसे देखकर हैरानी और चिंता जता रहे हैं।
लिथियम-आयन बैटरी के खतरों पर शुरू हुई चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने स्मार्टफोन और उनकी बैटरियों से जुड़े खतरों को लेकर चिंता जताई है। कुछ लोगों का कहना है कि यह घटना इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के ओवरहीट होने के खतरे को दिखाती है। वहीं, कुछ यूज़र्स यह भी बहस कर रहे हैं कि कहीं यह वीडियो आर्टिफिशियल तरीके से बनाया गया तो नहीं है।
बैटरी ओवरहीटिंग से हो सकता है ब्लास्ट
हालांकि, इस वीडियो की पूरी सच्चाई को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इस घटना ने मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, स्मार्टफोन की बैटरी कई कारणों से ओवरहीट हो सकती है, जैसे- मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट, लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल, बैटरी के अंदरूनी हिस्सों में नुकसान। जब बैटरी ज्यादा गर्म हो जाती है, तो उसमें सूजन आ सकती है, धुआं निकल सकता है या कुछ मामलों में विस्फोट भी हो सकता है।
क्यों खतरनाक हो सकती है लिथियम-आयन बैटरी
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। यह बैटरी छोटी जगह में काफी ज्यादा एनर्जी स्टोर करती है। अगर किसी खराबी की वजह से यह ऊर्जा अचानक बाहर निकल जाए तो इससे चिंगारी, आग या विस्फोट जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय रखें ये जरूरी सावधानियां
सेफ्टी एक्सपर्ट्स ऐसे हादसों से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह देते हैं।
- खराब या नकली चार्जर का इस्तेमाल न करें
- फोन को बहुत ज्यादा गर्म जगह पर न रखें
- अगर बैटरी फूलने या ज्यादा गर्म होने लगे तो फोन का इस्तेमाल बंद कर दें
- फोन को लंबे समय तक चार्जिंग पर न छोड़ें
- चार्जिंग के दौरान ज्यादा देर तक फोन इस्तेमाल करने से बचें


