शिमला के AIMSS अस्पताल के पास एक आवारा कुत्ता इंसान का कटा पैर ले जाता दिखा। यह पैर एक मरीज का था, जिसे सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के कारण कुत्ते ने बायोमेडिकल वेस्ट से उठा लिया। अस्पताल ने जांच के आदेश दिए हैं।

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक आवारा कुत्ता इंसान का कटा हुआ पैर मुंह में दबाकर घूम रहा था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया और अब इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। यह चौंकाने वाली घटना शिमला के चमियाना में मौजूद अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज (AIMSS) की है। मंगलवार को जब यह डरावना वीडियो वायरल हुआ, तो अस्पताल प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

इस घटना के बाद, अस्पताल मैनेजमेंट ने 21 फरवरी की रात ड्यूटी पर मौजूद सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दिया गया है। उनके जवाब की समीक्षा के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सफाई का ठेका लेने वाली कंपनी को बायोमेडिकल वेस्ट को इकट्ठा करने और उसके निपटारे से जुड़े दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, बायोमेडिकल वेस्ट डिस्पोजल एजेंसी को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि अस्पताल परिसर से कचरा समय पर हटाया जाए।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए, अस्पताल ने मंगलवार सुबह 3 सदस्यों की एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी बनाई थी। कमेटी को घटना में हुई चूक की जांच करने और जिम्मेदारी तय करने का काम सौंपा गया था। जांच में पता चला कि 19 फरवरी को कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) डिपार्टमेंट में एक मरीज का घुटने के नीचे का पैर काटा गया था। इस कटे हुए अंग को पैक करके बायोमेडिकल वेस्ट कॉम्प्लेक्स में डिस्पोजल के लिए रखा गया था।

लेकिन, 21 फरवरी की रात को सफाई कर्मचारियों ने कचरा उठाते समय कॉम्प्लेक्स का दरवाजा खुला छोड़ दिया। शक है कि इसी दौरान किसी आवारा कुत्ते ने वहां से इंसान का पैर उठा लिया। काफी कोशिशों के बाद भी टीम को शरीर का वह हिस्सा नहीं मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, 24 फरवरी को कुत्ते को फिर से पैर मुंह में दबाए देखा गया। जब सिक्योरिटी गार्ड्स ने कुत्ते से पैर छीनने की कोशिश की, तो वह आक्रामक होकर भाग गया।

View post on Instagram