मध्यप्रदेश में ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ महिला बाइकिंग टूर की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 25 महिला बाइकर्स को 1400KM की यात्रा के लिए रवाना किया। यह टूर सांची, खजुराहो, ग्वालियर और कूनो नेशनल पार्क जैसे पर्यटन स्थलों को प्रमोट करेगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है। देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी सुरक्षित है। महिला दिवस और रंगपंचमी से पहले शुरू हुआ ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ महिला बाइकिंग टूर राज्य में सुरक्षित और स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टूर के जरिए देशभर से आई महिला बाइक राइडर्स प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यह पहल मध्यप्रदेश की बेटियों के लिए साहस, आत्मविश्वास और प्रेरणा का प्रतीक बनेगी।
7 से 13 मार्च तक 1400 किलोमीटर का महिला बाइकिंग टूर
‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ के तीसरे संस्करण में देश के अलग-अलग राज्यों से आई 25 अनुभवी महिला बाइक राइडर्स शामिल हुई हैं। इनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों की प्रतिभागी मौजूद हैं। यह महिला बाइकिंग टूर 7 मार्च से 13 मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागी करीब 1400 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। इस यात्रा का उद्देश्य मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करना और महिलाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति उत्साह बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने महिला राइडर्स और युवाओं से किया संवाद
शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बाइकिंग टूर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान महिला बाइक राइडर्स ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के पर्यटन को सोशल मीडिया पर बढ़ावा देने वाले युवाओं से भी बातचीत की और उनके साथ समूह फोटो भी खिंचवाया।
मध्यप्रदेश के इन प्रमुख पर्यटन स्थलों से गुजरेगी ‘Queens on the Wheels’ यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल प्रदेश के पर्यटन को नई दिशा देने में मदद करेगी। यह बाइकिंग यात्रा मध्यप्रदेश के कई ऐतिहासिक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी।
यात्रा के दौरान महिला राइडर्स इन प्रमुख स्थानों का भ्रमण करेंगी:
- Sanchi Stupa
- Udayagiri Caves
- Chanderi
- Khajuraho Group of Monuments
- Kuno National Park
- Gwalior
- Mitawali Temple
- Orchha
मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़ की सादगी, मालवा की जीवंतता, बुंदेलखंड की शौर्य गाथा, बघेलखंड की लोक कलाएं, चंबल का गौरवशाली इतिहास और महाकौशल की प्राकृतिक सुंदरता मध्यप्रदेश को विशेष बनाती है।
अनुभवी महिला बाइकर्स और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बाइकिंग दल में शामिल सभी महिला राइडर्स काफी अनुभवी हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से यात्रा के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। राज्य सरकार की ओर से जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जहां-जहां यह दल पहुंचेगा, वहां उनके ठहरने और अन्य सुविधाओं की उचित व्यवस्था की जाएगी।
महिला सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
राज्य सरकार का उद्देश्य इस अभियान के जरिए स्वच्छ, सुरक्षित और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस यात्रा के माध्यम से महिला बाइकर्स मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाएंगी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार (Inder Singh Parmar) भी मौजूद रहे।


