क़तर में पावर प्लांट पर हमला हुआ और ओमान तट पर ड्रोन हमले में 1 भारतीय की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद, क़तर में अमेरिकी दूतावास ने अलर्ट जारी कर 1 हफ्ते के लिए अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं।
दोहा: क़तर की राजधानी दोहा में एक पावर प्लांट के वॉटर टैंक पर हमला हुआ है। यह हमला मसाइद इलाके में हुआ। इसके अलावा, लास रफ़ान इंडस्ट्रियल एरिया में भी एक अटैक की खबर है। जिस प्लांट पर हमला हुआ, वह क़तर एनर्जी का है। क़तर के अधिकारियों ने कहा है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है।
वहीं, एक दूसरी घटना में ओमान तट पर सुल्तान क़ाबूस बंदरगाह के पास एक ड्रोन बोट हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि विस्फोटक से भरी ड्रोन बोट से एक जहाज़ पर हमला किया गया था। हमले के बाद जहाज़ में आग लग गई और उसे काफी नुकसान पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, हमले के वक्त जहाज़ पर 16 भारतीय मौजूद थे, जिनमें से एक की मौत हो गई।
इस बीच, युद्ध के माहौल को देखते हुए क़तर में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक इमरजेंसी अलर्ट जारी किया है। दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को सैन्य ठिकानों के आसपास से दूर रहने की सलाह दी है। सुरक्षा कारणों से, दूतावास ने एक हफ्ते के लिए अपनी सभी कॉन्सुलर सेवाओं को पूरी तरह से बंद कर दिया है। यह कदम ईरान के जवाबी हमलों की आशंका को देखते हुए एक सावधानी के तौर पर उठाया गया है।
