प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल पहुंचने पर बेन गुरियन एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ। पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और सारा नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल तोड़कर स्वागत किया। Saffron रंग पर हल्का-फुल्का पल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Narendra Modi Israel Visit: नरेंद्र मोदी इस समय इजरायल दौरे पर हैं। इजरायल के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके पहुंचते ही भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू खुद मौजूद थे।
प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पहुंचे नेतन्याहू
बताया जा रहा है कि बेंजामिन नेतन्याहू प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अपनी पत्नी सारा के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। जैसे ही पीएम मोदी विमान से बाहर आए, नेतन्याहू ने दूर से ही हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। पीएम मोदी ने सारा नेतन्याहू से भी गर्मजोशी से हाथ मिलाया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भारत-इजरायल की दोस्ती की झलक देखी।
‘Saffron’ पर हल्का-फुल्का पल, वीडियो वायरल
स्वागत के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। जब पीएम मोदी और सारा नेतन्याहू हाथ मिला रहे थे, तभी नेतन्याहू ने पीएम मोदी के पॉकेट स्क्वायर और सारा की ड्रेस के रंग की ओर इशारा किया। दोनों के कपड़ों का रंग Saffron (भगवा) था। इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, यस-यस Saffron…। इसके बाद तीनों हंस पड़े। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर नेतन्याहू का संदेश
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पीएम मोदी का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी का इजरायल में स्वागत कर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी को महान नेता बताया। बता दें कि यह दौरा दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


