नेपाल में एक टूरिस्ट बस पोखरा से काठमांडू जाते समय त्रिशूली नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे। बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे।

काठमांडू: नेपाल में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 18 लोगों की जान चली गई। यहां पोखरा से काठमांडू जा रही एक टूरिस्ट बस नदी में जा गिरी। यह हादसा सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे बेनिघाट रोरंग म्युनिसिपैलिटी में चरौंदी के पास चिनधारा नाम की जगह पर हुआ। बस सीधे त्रिशूली नदी में गिर गई। जिला ट्रैफिक पुलिस ऑफिस के चीफ शिशिर थापा ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार ठाकुरी ने बताया कि हादसे में घायल 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे। इनमें कई विदेशी टूरिस्ट भी शामिल थे।

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि रात का अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। हादसे के बारे में अभी और जानकारी का इंतजार है।

मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गजुरी अस्पताल भेज दिया गया है। यह बस 'पृथ्वी राजमार्ग बस संचालक कंपनी' की थी और रविवार शाम 7 बजे पोखरा से काठमांडू के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि बस के मालिक ओम कुमार श्रेष्ठ भी बस में ही थे और हादसे में उनकी भी मौत हो गई है। वहीं, बस का ड्राइवर लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।