मुंबई के वर्सोवा में एक आवारा कुत्ते के साथ अप्राकृतिक यौनाचार के आरोप में एक युवक की भीड़ ने पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कानून हाथ में लेने को लेकर बहस छिड़ गई है।

मुंबई के वर्सोवा इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें स्थानीय लोग एक युवक को पीटते दिख रहे हैं। युवक पर आरोप है कि उसने एक आवारा कुत्ते के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस पर जमकर बहस कर रहे हैं। कुछ का कहना है कि कानून हाथ में लेना गलत है, क्योंकि इसके लिए पुलिस और अदालतें हैं।

लोगों ने की बेरहमी से पिटाई

शिवाली छेत्री नाम की एक इंस्टाग्राम यूजर ने यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक की शर्ट फटी हुई है और वह पिट रहा है। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो शेयर किए गए हैं। एक वीडियो में वह अपनी हरकत के लिए माफी मांगता दिख रहा है। दूसरे वीडियो में उसके बैग से कंडोम के पैकेट, फोन चार्जर और दूसरा सामान दिखाया गया है। एक और वीडियो में एक लड़की दावा कर रही है कि उसने युवक को कुत्ते के साथ गलत काम करते देखा था। वीडियो में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने शराब पी रखी थी। लोग उसे बड़े-बड़े डंडों से पीटते हुए भी दिख रहे हैं।

View post on Instagram

View post on Instagram

View post on Instagram

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी तीखी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या उस इलाके में कोई पुलिस स्टेशन, सरकार या अदालत नहीं है? वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि आरोपी इसी लायक था। कई लोगों ने इस वीडियो में मुंबई पुलिस के सीनियर अफसर और पशु अधिकार कार्यकर्ता सुधीर कुडालकर और मशहूर एक्टिविस्ट विजय रंगारे को टैग करके कार्रवाई की मांग की। लोगों ने यह भी मांग की कि आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसा न करे।