कर्नाटक के कनकगिरी में एक हॉस्टल की नाबालिग छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया। शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में उसके 21 वर्षीय मामा अल्ताफ को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
कोप्पल: कर्नाटक के कनकगिरी तालुक में एक रेजिडेंशियल स्कूल के हॉस्टल में नाबालिग छात्रा के बच्चे को जन्म देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक शख्स के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान विजयनगर जिले के रहने वाले अल्ताफ (21) के रूप में हुई है, जो रिश्ते में छात्रा का मामा लगता है। पुलिस की जांच में पता चला है कि छात्रा और आरोपी अल्ताफ की शादी तय हो गई थी। लेकिन आरोप है कि शादी से पहले ही अल्ताफ ने दो-तीन बार छात्रा का यौन शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
किसी को बताने पर दी थी धमकी
आरोप है कि मामा अल्ताफ ने शादी का झांसा देकर अक्टूबर में ही नाबालिग से रेप किया था। अब अल्ताफ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। उसने यह बात किसी को भी न बताने की धमकी भी दी थी। यह पूरा मामला कनकगिरी पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है।
इस घटना पर कोप्पल जिले के प्रभारी मंत्री शिवराज तंगडगी ने कहा, “कनकगिरी तालुक के एक रेजिडेंशियल स्कूल में छात्रा के बच्चे को जन्म देने की बात मेरे भी संज्ञान में आई है। मैंने संबंधित अधिकारियों को मामले की सच्चाई का पता लगाने और रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।”
